Punjabi News

पंजाब में औद्योगिक नीति में सुधार के लिए 15 और सेक्ट्रोल कमेटियों की अधिसूचना: कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा

255

एवन साइकिल्स के ओंकार सिंह पाहवा, हैप्पी फोर्जिंग्स के परितोष गर्ग, वर्धमान स्टील के सचित जैन, आईओएल केमिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स के वरिंदर गुप्ता और डीएमसी के डॉ. बिशव मोहन नवगठित कमेटियों के चेयरमैनों में शामिल

लुधियाना : राज्य की औद्योगिक नीति को मजबूत करने और व्यापार सुगमता में सुधार लाने के लिए उद्योग विशेषज्ञों से सुझाव एकत्र करने की पंजाब सरकार की पहल के तहत, पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने आज पंद्रह और सेक्ट्रोल कमेटियों के गठन की घोषणा की, जिससे कमेटियों की कुल संख्या चौबीस हो गई। आज की घोषणा मंत्री द्वारा घोषित कमेटियों की अंतिम सूची है।

अरोड़ा ने मंगलवार को चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की और कहा कि नवगठित कमेटियों में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के सदस्य शामिल हैं और ये क्षेत्र-विशिष्ट नीतिगत उपायों की सिफारिश करने के लिए थिंक टैंक के रूप में काम करेंगी। नई समितियाँ आईटी क्षेत्र, साइकिल उद्योग, ऑटो और ऑटो कंपोनेंट्स, इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा, स्टील और रोलिंग मिल्स, प्लास्टिक और रासायनिक उत्पाद, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग, फिल्म मीडिया, फार्मास्यूटिकल्स और जैव प्रौद्योगिकी, विश्वविद्यालय और कोचिंग संस्थान, अस्पताल और स्वास्थ्य सेवा, स्टार्टअप, खुदरा और ईएसडीएम- इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन और विनिर्माण पर केंद्रित हैं।

नवगठित 15 समितियों के चेयरमैन इस प्रकार हैं: प्रताप अग्रवाल (आईडीएस इन्फोटेक, मोहाली) – आईटी सेक्टर, ओंकार सिंह पाहवा (एवन साइकिल्स, लुधियाना) – साइकिल उद्योग, परितोष गर्ग (हैप्पी फोर्जिंग्स, लुधियाना) – ऑटो और ऑटो कंपोनेंट्स, इंद्रवीर सिंह (इवेज मोटर्स, मोहाली) – इलेक्ट्रिक वाहन, आशीष कुमार (वर्बियो, संगरूर) – नवीकरणीय ऊर्जा, सचित जैन (वर्धमान स्टील, लुधियाना) – स्टील और रोलिंग मिल्स, अभि बंसल (एसोचैम और एमडी सरस्वती एग्रो केमिकल्स, एसएएस नगर) – प्लास्टिक और केमिकल उत्पाद, अश्वनी नायर (कैप्टन) (हिंद टर्मिनल, लुधियाना) – लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग, दिनेश औलक (स्पीड रिकॉर्ड्स) – फिल्म मीडिया, वरिंदर गुप्ता (आईओएल केमिकल्स और फार्मास्यूटिकल्स, बरनाला) – फार्मास्यूटिकल्स और बायोटेक्नोलॉजी, जसपाल सिंह संधू (डॉ.) (लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर)- विश्वविद्यालय एवं कोचिंग संस्थान, बिशव मोहन (डॉ.) (डीएमसी लुधियाना)- अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा, ममता भारद्वाज (न्यूरॉन, पंजाब स्टार्टअप हब)- स्टार्टअपस , उमंग जिंदल (होम लैंड ग्रुप)- खुदरा, कमलजीत सिंह (डॉ.) (सेमीकंडक्टर लेबोरेटरी लिमिटेड)- ईएसडीएम- इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं मैन्युफैक्चरिंग।

संजीव अरोड़ा ने कहा कि प्रत्येक समिति का मुख्य कार्य समितियों का उद्देश्य पंजाब के विशिष्ट औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के साथ-साथ संरचनात्मक और वित्तीय संदर्भ को ध्यान में रखते हुए, अपने विशिष्ट क्षेत्र के लिए एक अनुकूलित औद्योगिक ढांचे/नीति हेतु सरकार को इनपुट का एक संरचित सेट प्रदान करना होगा। इसके लिए, समिति को देश के अन्य सभी संबंधित राज्यों की नीतियों और ढांचे का परीक्षण करना होगा और इस प्रकार पंजाब के लिए एक ‘बेस्ट-इन-क्लास’ पालिसी फ्रेमवर्क विकसित करना होगा। समितियां 1 अक्टूबर 2025 तक लिखित रूप में ये सिफारिशें प्रस्तुत करेंगी।

प्रत्येक समिति में एक चेयरमैन और उद्योग जगत से कुछ सदस्य होंगे। हालांकि, सरकार के विवेकानुसार और सदस्य जोड़े जा सकते हैं। सदस्यों का आकार, पैमाना और भौगोलिक स्थिति विविध होगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चर्चा के दौरान सभी विचारों को सामने रखा जाए। सदस्य समग्र क्षेत्र के विभिन्न उप-खंडों का भी प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रत्येक समिति को सचिवालयी सहायता समिति के सदस्य-सचिव द्वारा प्रदान की जाएगी, जो समिति की बैठकों के आयोजन और कार्यवृत्त तैयार करने के भी प्रभारी होंगे। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के जिला उद्योग केंद्र के जनरल मैनेजर (जीएम डीआईसी) और पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन (पीबीआईपी) के संबंधित क्षेत्र अधिकारी आवश्यकतानुसार समिति को प्रासंगिक प्रशासनिक सहायता प्रदान करेंगे।

इससे पहले, स्पिनिंग एंड वीविंग कमेटी, अपैरलज़ कमेटी, डाइंग एंड फिनिशिंग कमेटी, स्पोर्ट्स/लैदर गुड्स कमेटी, मशीन/हैण्डटूल्स कमेटी, फ़ूड प्रोसेसिंग एंड डेरी कमेटी, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी कमेटी, हैवी मशीनरी कमेटी, और फर्नीचर एंड प्लाई इंडस्ट्री कमेटियों का गठन किया गया था।