Punjabi News

Encounter: कैथल में होटल लूट और स्कूटी छीनने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस ने सूचना मिलते ही की कार्रवाई

9

कैथल  : कैथल में 12 जून की रात कलायत के एक होटल में लूट के प्रयास और बलराज नगर में पिस्तौल की नोक पर स्कूटी लूटने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को CIA कलायत ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान निरंजन उर्फ माल्टा के रूप में हुई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाएं घुटने में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। CIA कलायत प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि होटल लूट और स्कूटी छीनने की वारदात में वांछित आरोपी बिना नंबर की बाइक पर किठाना क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में घेराबंदी की।

पीछा करने पर फिसली बाइक

पुलिस को संदिग्ध युवक किठाना क्षेत्र में दिखाई दिया। टीम ने उसका पीछा किया तो किठाना-जींद रोड पर रजबाहा पटरी के पास उसकी बाइक फिसल गई और वह नीचे गिर गया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने अवैध हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा चलाई गई गोली CIA प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने चेतावनी स्वरूप हवाई फायर किया, लेकिन आरोपी नहीं रुका। जवाबी कार्रवाई में चलाई गई गोली आरोपी के दाएं घुटने में लगी, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

कट्टा और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई कर रही है।

क्या है मामला

12 जून की रात कलायत के एक होटल में लूट का प्रयास हुआ था। उसी रात बलराज नगर में एक युवक से पिस्तौल की नोक पर स्कूटी छीनी गई थी। दोनों मामलों में आरोपी निरंजन उर्फ माल्टा फरार चल रहा था। सूचना मिलने पर CIA कलायत ने किठाना क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।