नेशनल डेस्क : संत प्रेमानंद महाराज जी का नाम भक्ति जगत में किसी परिचय का मोहताज नहीं है। उनके प्रवचन सुनने वाला हर व्यक्ति प्रभावित होता है। देश के कोने-कोने से लेकर बड़े-बड़े VIP और फिल्मी सितारे तक उनके आश्रम में दर्शन के लिए आते हैं।
प्रेमानंद महाराज जी का जन्म और असली नाम
प्रेमानंद महाराज जी का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के सरसौल ब्लॉक के आखरी गांव में हुआ था। उनका असली नाम अनिरुद्ध कुमार पांडे है। वे जाति से ब्राह्मण हैं और पांडे परिवार में जन्मे। उनके पिता का नाम श्री शम्भू पांडे और माता का नाम श्रीमती रमा देवी है। कम उम्र में ही उन्होंने सांसारिक सुखों का त्याग कर सन्यास ले लिया और पूरी तरह से भक्ति मार्ग में समर्पित हो गए। बताया जाता है कि उन्होंने लंबे समय तक कठोर तपस्या की, जिसके बाद वे वृंदावन में स्थापित हुए।
प्रेमानंद महाराज के प्रवचन हिंदू-मुस्लिम दोनों ही समुदायों में लोकप्रिय हैं। उनके विचार और शिक्षाएं सोशल मीडिया पर तेजी से फैलती हैं और उनके वीडियो लाखों लोगों द्वारा देखे जाते हैं।
सेलिब्रिटी भी हैं उनके भक्त
प्रेमानंद महाराज पहली बार देशभर में तब चर्चा में आए जब क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा उनसे मिलने पहुंचे थे। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इसके बाद कई फिल्मी सितारे और बड़े नाम उनके दरबार में पहुंचे। हाल ही में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा भी उनके आश्रम में दर्शन करने आए थे।
क्यों हैं विशेष?
भक्तों का मानना है कि प्रेमानंद महाराज के उत्तर और प्रवचन गहरे आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करते हैं। कई लोग तो उन्हें भगवान का अवतार मानते हैं। उनका सरल जीवन, सहज भाषा और गहरी आध्यात्मिक समझ ही उन्हें आज के समय में विशेष बनाती है।









