Punjabi News

CJP Protest: जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों का जुटना शुरू, करीब 500 लोग पुलिस हिरासत में, भारी सुरक्षा बल तैनात

7

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज प्रदर्शन का ऐलान किया है। CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग कर रही है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की परमिश नहीं दी है। ऐसे में विरोध प्रदर्शन से पहले, दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 25,000 पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है।

अधिकारियों ने शहर की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों और बस टर्मिनलों सहित संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर आने-जाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है, क्योंकि पुलिस बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की आशंका के बीच बिना इजाज़त भीड़ को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिशें तेज कर रही है।

प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस पर जुटने लगे हैं। वहीं पुलिस भी एक्शन में है और प्रदर्शनकारियों को हटा रही है और उन्हें हिरासत में ले रही है। CJP फाउंडर अभिजीत दीपके भी मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और जनपथ रोड समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन आने वाली 250 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें आज कैंसिल रहेंगी। 45 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं जबकि 10 डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं। वहीं, इंडिया गेट के आसपास 4km के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से आज रात 10 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया
जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और फिरोजशाह रोड पर कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने से रोकने के लिए विरोध स्थल से लगभग 500 मीटर दूर पहला बैरिकेडिंग पॉइंट बनाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अलग-अलग जगहों से अलग-अलग समूहों में आ रहे लगभग 500 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आपराधिक बैकग्राउंड वाले 50 लोगों को भी गिरफ्तार किया है।

सुरक्षा और भीड़ को संभालने के लिए, नई दिल्ली जिले को 20 ज़ोन में बांटा गया है और हर ज़ोन के लिए एक डिटेंशन सेंटर तय किया गया है। सुरक्षा अभियान के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों को रखने के लिए दिल्ली भर के स्टेडियमों में डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं।

हालात को संभालने में दिल्ली पुलिस की मदद के लिए सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (CAPF) की 120 से ज़्यादा कंपनियों के तैनात किए जाने की उम्मीद है। सुरक्षा कर्मियों को अहम जगहों पर तैनात किया गया है, जबकि तैयारियों और प्रतिक्रिया तंत्र का जायजा लेने के लिए कई जगहों पर मॉक ड्रिल भी की गई हैं।