यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम में हिरासत में लिया गया है. यह कार्रवाई जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले की गई है । खबरों के मुताबिक, ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित उनके घर से हिरासत में ले लिया है। हालांकि, उन्हें हिरासत में लेने की वजह और मामले से जुड़ी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है. सुबह 8 बजे पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मी सुबह-सुबह ध्रुव राठी के घर पहुँचे और उनकी माँ के दरवाज़ा खोलने के बाद लगभग 7:48 बजे घर के अंदर दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि देर रात ही घर के बाहर करीब 50 पुलिसकर्मी जमा हो गए थे।
इस हिरासत से जुड़ी परिस्थितियों—जैसे पुलिस की कार्रवाई का कारण और राठी की मौजूदा लोकेशन—की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
ध्रुव राठी CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए गए थे। यह पार्टी चुनावी रोल (मतदाता सूची) के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न’ (SIR) से जुड़ी चिंताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की माँग कर रही है। जानकारी के अनुसार, ध्रुव राठी लगातार CJP के विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर रहे थे। इससे पहले ध्रुव ने सीजेपी के बेंगलुरु में हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। वे शुक्रवार को बेंगलुरु से दिल्ली पहुंचे थे।
गौर हो कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस पर कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक जुटने लगे हैं। खबर है कि पुलिस ने अब तक 150 लोगों को हिरासत में लिया है।

















