Chandigarh News: कल देर रात चंडीगढ़ के सेक्टर 25 में छह बदमाशों ने हंगामा किया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इतना ही नहीं, बदमाशों ने सेक्टर 25 में एक घर पर पेट्रोल बम से हमला किया और फिर मलोया इलाके में कई गाड़ियों में तोड़-फोड़ की। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए CCTV फुटेज के आधार पर सभी छह संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना CCTV में कैद
आपको बता दें कि सेक्टर 25 में हुई यह पूरी घटना वहाँ लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ़ दिख रहा है कि देर रात छह युवक एक घर के बाहर आते हैं। उनमें से एक, जिसके हाथ में बेसबॉल बैट है, बेरहमी से गेट और बाहर रखी चीज़ों को तोड़ने लगता है। इसी बीच, उसका एक साथी कांच की बोतल में पेट्रोल भरता है, उसमें आग लगाता है और उसे पेट्रोल बम की तरह घर की तरफ़ फेंक देता है। बोतल गिरते ही ज़ोरदार आग लग जाती है।
इस घटना से आस-पास के लोगों में दहशत और अफ़रा-तफ़री मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सेक्टर 25 में पेट्रोल बम फेंकने के बाद भी इन बदमाशों का आतंक यहीं नहीं रुका। बताया जा रहा है कि इसके कुछ ही देर बाद, सभी छह युवक मलोया इलाके में पहुँचे। वहाँ उन्होंने हंगामा किया और बेसबॉल बैट से वहाँ खड़ी तीन-चार गाड़ियों पर बार-बार हमला करके उनके शीशे तोड़ दिए। एक ही रात में दो जगहों पर हुई इन घटनाओं से लोगों में भारी दहशत फैल गई।
पुलिस की कार्रवाई और पुरानी दुश्मनी का शक
मामले की गंभीरता को देखते हुए, मलोया पुलिस स्टेशन के इंचार्ज इंस्पेक्टर बलदेव की अगुवाई में तुरंत एक स्पेशल टीम बनाई गई। पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज की जाँच की और स्थानीय जानकारी व तकनीकी सबूतों के आधार पर सभी छह आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
शुरुआती जाँच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी चंडीगढ़ के दादू माजरा इलाके के रहने वाले हैं और उनका पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सूत्रों का कहना है कि यह भयानक घटना पुरानी दुश्मनी का नतीजा हो सकती है, जो किसी अपराध का बदला लेने के लिए रची गई साजिश थी।














