यह पंजाबियों को परेशान करने और पंजाब सरकार को बदनाम करने की एक साजिश है, इसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगें – कुलदीप धालीवाल
सरकारी योजनाओं के नाम पर भाजपा कार्यकर्ता लोगों से निजी जानकारी ले रहें, यह गैर-कानूनी काम बंद करें – धालीवाल
पीएम/सीएम और मंत्रियों की गिरफ्तारी संबंधी कानून पर आप का सख्त विरोध, कहा – यह विपक्ष को कुचलने की मोदी-शाह की चाल
चंडीगढ़:
आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि केन्द्र की मोदी सरकार साजिश के तहत पंजाब के 10 लाख राशनकार्ड धारकों के नाम काटना चाहती है।
इस मामले पर आप विधायक और पूर्व मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि भाजपा जानबूझकर पंजाब के लोगों को निशाना बना रही है। राशनकार्ड से इतनी बड़ी संख्या में लोगों को हटाना पंजाब के गरीबों, दलितों और वंचितों पर सीधा हमला है। हम इसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगें।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार नाम काटने के लिए झूठे बहाने बना रही है कि कार्डधारकों के पास अपनी गाड़ी, घर और जमीन है। दरअसल यह पंजाबियों को परेशान करने और पंजाब सरकार को बदनाम करने की एक सोची-समझी रणनीति है। भाजपा राज्य के गरीब लोगों से अनाज छीनकर पंजाब में आम आदमी पार्टी और मान सरकार के खिलाफ लोगों को भड़काना चाहती है। लेकिन उसकी चाल सफल नहीं होने वाली। पंजाब के लोग भाजपा की नीयत को अच्छे से जानते हैं।
धालीवाल ने कहा कि वर्तमान समय में आम लोग बहुत मुश्किल से जीवन-यापन कर रहे हैं। पेट्रोल डीजल और खाद्य पदार्थों की महंगाई के कारण वे पहले से ही तंगहाली में जी रहे हैं। यह फैसला उनके जले पर नमक की तरह है। इसलिए केंद्र इसे तुरंत वापस ले और लोगों की संशय को दूर करें।
सरकारी योजनाओं के नाम पर भाजपा कार्यकर्ता लोगों से निजी जानकारी ले रहें, यह गैर-कानूनी काम बंद करें – धालीवाल
कुलदीप धालीवाल ने भाजपा पर एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं के नाम पर पंजाब में उसके नेता और कार्यकर्ता कैंप लगाकर लोगों से उनकी बैंक अकाउंट आधार और पैन कार्ड जैसी गोपनीय जानकारी ले रहे हैं। यह बिल्कुल अनुचित और गैर-कानूनी है। इसे तुरंत बंद करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियम के अनुसार केन्द्र सरकार अपने किसी भी लोक-कल्याणकारी योजनाओं राज्य सरकार के माध्यम से लागू करती है। किसी भी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को इसका अधिकार नहीं है। उन्होंने केंद्र पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या सरकार ने केन्द्रीय योजनाओं को लागू करने का अधिकार भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया है। अगर ऐसा है तो स्पष्टीकरण दे नहीं तो इसे तुरंत रोकें।
उन्होंने पंजाब के लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि भाजपा के लोग आपको गुमराह कर रहे हैं और फायदे पहुंचाने के नाम पर आपका डेटा इकट्ठा कर रहे हैं। उसका दुरूपयोग भी हो सकता है। इसलिए ऐसे लोगों से सावधान रहें और उनपर बिल्कुल भी भरोसा न करें।
पीएम/सीएम और मंत्रियों की गिरफ्तारी संबंधी कानून पर आप का सख्त विरोध, कहा – यह विपक्ष को कुचलने की मोदी-शाह की चाल
प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री और मंत्रियों की गिरफ्तारी और एक महीने जेल में रहने के बाद खुद-ब-खुद पद से मुक्त करने वाले बिल का आम आदमी पार्टी ने सख्त शब्दों में विरोध प्रकट किया है।
कुलदीप धालीवाल ने कहा कि यह बिल विपक्ष को कुचलने और विरोधी आवाज को दबाने की मोदी-शाह की चाल है। उन्होंने आप नेता सत्येन्द्र जैन का उदाहरण देते हुए कहा कि उनको झूठे आरोप में दो साल जेल में रखा गया और अब सीबीआई खुद बोल रही है कि उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला। यानी यह सब सिर्फ उनकी राजनीतिक करियर तबाह करने के लिए किया गया।
आप नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह विपक्षी पार्टियों को डराने-धमकाने के लिए यह कानून लाए हैं। उनका मकसद है कि कोई भी उनके खिलाफ कुछ न बोले और अगर कोई बोलने की हिम्मत करेगा तो उसे इस कानून के तहत जेल में डालकर उसका राजनीतिक जीवन समाप्त कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश को तानाशाही की ओर ले जा रहे हैं। यह कानून उसका एक उदाहरण है। वह देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं। हम इस कानून के सख्त खिलाफ है। किसी भी पार्टी को इस तरह के कानून का समर्थन नहीं करना चाहिए।













