नई दिल्लीः देश में बढ़ते साइबर हमलों के बीच HDFC Bank ने अपनी डिजिटल सुरक्षा मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। बैंक अब अपने महत्वपूर्ण डिजिटल बैंकिंग और पेमेंट प्लेटफॉर्म को थर्ड-पार्टी कंपनियों से हटाकर खुद संचालित करने की तैयारी में है। बैंक की योजना आने वाले कुछ वर्षों में अपने 60 से 70 फीसदी प्रमुख ऐप्स और डिजिटल सिस्टम को इन-हाउस विकसित और मैनेज करने की है।
बैंक के ग्रुप हेड ऑफ आईटी और चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर रमेश लक्ष्मीनारायणन के मुताबिक, इस दिशा में काम शुरू हो चुका है। बैंक अपने कार्ड प्लेटफॉर्म MyCards और OnlyCards को अपने नियंत्रण में ला रहा है। वहीं, PayZapp को भी बैंक के आंतरिक सिस्टम में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।
मोबाइल बैंकिंग से लेकर पेमेंट सिस्टम तक पर होगा नियंत्रण
HDFC Bank की योजना मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग, कोर पेमेंट्स और API मैनेजमेंट जैसे अहम डिजिटल प्लेटफॉर्म को खुद संभालने की है। बैंक का मानना है कि ये सिस्टम उसके कारोबार और ग्राहकों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए इन पर किसी बाहरी कंपनी की निर्भरता कम करना जरूरी है।
इसके साथ ही बैंक API ऑथेंटिकेशन, सर्टिफिकेट मैनेजमेंट और थर्ड-पार्टी कनेक्शन की निगरानी को भी मजबूत कर रहा है, ताकि किसी भी संभावित साइबर खतरे को समय रहते रोका जा सके।
BizX प्लेटफॉर्म को किया बंद
डिजिटल सिस्टम पर नियंत्रण बढ़ाने के लिए बैंक ने छोटे कारोबारियों के लिए उपलब्ध थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म BizX को भी बंद कर दिया है। हालांकि, ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसके सभी फीचर्स को बैंक के मौजूदा सिस्टम में शामिल कर दिया गया है।
साइबर हमलों से वित्तीय सेक्टर को बड़ा नुकसान
हाल के महीनों में फिनटेक कंपनियों और NBFCs पर साइबर हमलों की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में इन हमलों के कारण NBFCs को 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। वहीं, देशभर में साइबर फ्रॉड की 150 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं।
अक्टूबर में करीब 20 वित्तीय संस्थान साइबर हमलों का शिकार हुए। इन घटनाओं में पार्टनर बैंकों के लॉगिन डिटेल्स चोरी करने और पेमेंट API की कमजोरियों का फायदा उठाने जैसे मामले सामने आए।
CERT-In ने भी जारी की चेतावनी
सरकारी साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने फिनटेक प्लेटफॉर्म, पेमेंट गेटवे और थर्ड-पार्टी टेक्नोलॉजी इंटीग्रेशन को निशाना बनाने वाले साइबर अपराधियों को लेकर चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक, साइबर अपराधी इन सिस्टम की खामियों का फायदा उठाकर अनधिकृत वित्तीय लेनदेन कर रहे हैं।
पुराने सुरक्षा सिस्टम पर निर्भर रहना मुश्किल
HDFC Bank का मानना है कि केवल समय-समय पर होने वाले सिक्योरिटी ऑडिट और सर्टिफिकेट के भरोसे डिजिटल सिस्टम को सुरक्षित रखना अब पर्याप्त नहीं है। साइबर अपराधियों के बदलते तरीकों को देखते हुए बैंक अपनी टेक्नोलॉजी और सुरक्षा व्यवस्था पर सीधा नियंत्रण बढ़ाना चाहता है।
इस बदलाव के जरिए HDFC Bank न सिर्फ थर्ड-पार्टी कंपनियों पर निर्भरता कम करना चाहता है, बल्कि अपने डिजिटल बैंकिंग सिस्टम को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है।















