Punjabi News

पाकिस्तान ने भारत में हॉकी खेलने से किया इनकार; टूर्नामेंट किसी दूसरे देश में करने की मांग

7

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026: पाकिस्तान ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए भारत आने से इनकार कर दिया है और एशियन हॉकी फेडरेशन (AHF) से टूर्नामेंट किसी दूसरे देश में आयोजित करने का अनुरोध किया है। पाकिस्तान ने ये जानकारी दी है कि वे भारत के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं लेकिन इसके लिए उन्हें न्यूट्रल वेन्यू दिया जाना चाहिए। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के प्रेसिडेंट मोहियुद्दीन अहमद वानी ने इसकी पुष्टि की है कि पाक टीम भारत का दौरा नहीं करेगी। बता दे कि भारत एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी कर रहा है.

अगर पाकिस्तान खेलना चाहता है, तो उसे भारत आना होगा: हॉकी फेडरेशन

दूसरी ओर, हॉकी इंडिया के महासचिव और AHF के उपाध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया है। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के मोहाली और जालंधर में आयोजित होना है। भोला नाथ ने साफ किया कि वेन्यू में कोई बदलाव नहीं होगा; अगर पाकिस्तान खेलना चाहता है, तो उसे भारत आना ही होगा। अगर पाकिस्तान अपनी बात पर अड़ा रहता है, तो उसकी जगह बांग्लादेश या ओमान की टीम को खेलने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

एशियन हॉकी टूर्नामेंट किसी दूसरे देश में होना चाहिए: पाकिस्तान

पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के कार्यवाहक अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने कहा कि वे चाहते हैं कि या तो पूरा टूर्नामेंट देश में शिफ्ट कर देना चाहिए या कम से कम पाकिस्तान के मैच भारत के बाहर हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फेडरेशन का मुख्य मकसद अपने खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करना है, ताकि टीम बिना किसी बाधा के इस अहम टूर्नामेंट में हिस्सा ले सके।

पाकिस्तान एशियन चैंपियंस ट्रॉफी और हॉकी को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत सहित हम एफआईएच के सभी सदस्य देशों के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं। हम खेल और राजनीति को अलग रखने के सिद्धांत पर भी कायम हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “हमें उम्मीद है कि एशियन हॉकी फेडरेशन न्यूट्रल वेन्यू के हमारे प्रस्ताव पर विचार करेगा। इससे पाकिस्तान की भागीदारी किसी भी रुकावट के बिना सुनिश्चित हो सकेगी।”

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने हाल ही में पुष्टि की थी कि पाकिस्तानी टीम भारत आने के लिए तैयार है। हालांकि, अब पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने इसको लेकर तस्वीर साफ कर दी है।

भारत-पाकिस्तान मैच 1 नवंबर को तय

इस बीच, कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान 1 नवंबर को जालंधर में आमने-सामने होंगे और प्रधानमंत्री मोदी के भी इस हाई-प्रोफाइल मैच में शामिल होने की संभावना है।

कौन-कौन से देश हिस्सा ले रहे हैं?

टूर्नामेंट में पूरे महाद्वीप की शीर्ष हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें भारत, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन और जापान शामिल हैं। ओमान और बांग्लादेश रिजर्व टीमें हैं।