ज्वाली (कांगड़ा) : पुलिस थाना जवाली के तहत एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह के दौरान हवाई फायर करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सूजन चौधरी निवासी दरकाटी के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से 2 जिंदा कारतूस और एक खाली खोल भी बरामद किया है, जबकि पिस्तौल अभी बरामद नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार मैरिज पैलेस में विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान किसी ने हवाई फायर कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने सूजन चौधरी को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ आए अन्य साथी फरार हो गए। पैलेस संचालक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है। पिस्तौल की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।


















