Washington: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाला प्रशासन चीन, यूरोपीय संघ (ईयू) और 14 अन्य अर्थव्यवस्थाओं पर जल्द ही शुल्क बढ़ाने की योजना की घोषणा कर सकता है। इस मामले से अवगत दो अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) का कार्यालय इन 16 अर्थव्यवस्थाओं में उद्योगों को दी जाने वाली सब्सिडी के संबंध में कई महीनों तक चली शुल्क संबंधी जांच के नतीजे आने वाले दिनों में जारी कर सकता है।
अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के कार्यालय ने इस संबंध में टिप्पणी के अनुरोधों का जवाब नहीं दिया। नए शुल्क लगाने की योजना उन व्यापक शुल्कों के स्थान पर नए शुल्क लगाने के प्रयासों का हिस्सा है जिन्हें प्रशासन ने पिछले साल लगाया था और बाद में उच्चतम न्यायालय ने रद्द कर दिया था। ‘ब्लूमबर्ग’ और ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने मंगलवार को इन योजनाओं की जानकारी दी थी।
‘व्हाइट हाउस’ का कहना है कि इन देशों में सब्सिडी के कारण जरूरत से ज्यादा विनिर्माण हो रहा है, जिससे कम कीमत वाले उत्पादों की बाजार में भरमार हो गई है और अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंच रहा है। इसी के मद्देनजर ये शुल्क लगाए जाने हैं। यह संभावित कदम अप्रैल 2025 में घोषित उन शुल्कों के स्थान पर नए शुल्क लगाने के प्रशासन के प्रयासों का दूसरा चरण है जिन्हें उच्चतम न्यायालय ने फरवरी में असंवैधानिक करार दिया था। ‘व्हाइट हाउस’ ने जुलाई में 60 व्यापारिक साझेदारों पर 10 प्रतिशत से 12.5 प्रतिशत तक शुल्क लगाया था। उसने आरोप लगाया था कि इन व्यापारिक साझेदारों ने जबरन श्रम के जरिये तैयार किए गए उत्पादों पर प्रतिबंधों को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया है।












