Punjabi News

पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है।

11

भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) (Akali Dal and BJP) ने एक बार फिर साथ आने का ऐलान किया है। दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही थी। अब इस पर सहमति बनने के बाद आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस फैसले को लेकर अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी पार्टी मुख्यालय पहुंचे। गठबंधन की घोषणा के दौरान दोनों दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल NDA के सबसे पुराने सहयोगियों में से एक रहा है और अब उसकी वापसी हो रही है। उन्होंने बताया कि गठबंधन को अंतिम रूप देने से पहले करीब तीन महीने तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच हुई चर्चा के बाद 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला लिया गया। अमित शाह के मुताबिक, गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और मुख्यमंत्री का पद भी उसी के पास रहेगा। उन्होंने पंजाब को नशामुक्त बनाने के अपने संकल्प को भी दोहराया। शाह ने इस गठबंधन को हिंदू और सिख समुदायों के बीच भाईचारे का प्रतीक बताया।
सुखबीर बादल ने बताया भावनात्मक गठबंधन
अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने प्रकाश पर्व के अवसर पर दोनों पार्टियों के दोबारा साथ आने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनावी फायदा हासिल करने के लिए किया गया राजनीतिक समझौता नहीं है, बल्कि पंजाब के हितों से जुड़ा भावनात्मक गठबंधन है।
उन्होंने अकाली दल के लंबे राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी का सफर 106 वर्षों का रहा है। आजादी की लड़ाई से लेकर पंजाब के विकास और लोगों के कल्याण तक पार्टी की अहम भूमिका रही है।
पंजाब के विकास को लेकर साझा लक्ष्य
दोनों दलों ने इस गठबंधन को पंजाब की शांति, खुशहाली और तरक्की से जोड़कर पेश किया है। अब 2027 के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां मिलकर मैदान में उतरेंगी।
सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति से जुड़ी अन्य जानकारियां राजनीतिक रूप से अहम रहेंगी। इस गठबंधन के जरिए भाजपा और अकाली दल ने पंजाब में अपने पुराने राजनीतिक रिश्तों को फिर से मजबूत करने का फैसला किया है।