Punjabi News

भाजपा-अकाली दल का गठबंधन पंजाब के भविष्य, अमन और खुशहाली के लिए ऐतिहासिक कदम: केवल सिंह ढिल्लों

9

*आम आदमी पार्टी के राज में नशे, गैंगस्टरवाद, फिरौती और बेरोज़गारी ने पंजाब के हालात चिंताजनक बनाए: ढिल्लों*

*भाजपा-अकाली दल मिलकर पंजाब को फिर से देश का अग्रणी और खुशहाल राज्य बनाएंगे*

चंडीगढ़:पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन की घोषणा का स्वागत करते हुए इसे पंजाब के भविष्य, अमन, तरक्की और खुशहाली की ओर एक ऐतिहासिक कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में हुई यह घोषणा पंजाब की राजनीति में एक नई दिशा तय करेगी।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह गठबंधन केवल सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को सुरक्षित और खुशहाल बनाने के उद्देश्य से किया गया है। भाजपा और अकाली दल का रिश्ता सिर्फ़ राजनीतिक नहीं, बल्कि भाईचारे और आपसी विश्वास का रहा है। इस साझेदारी के दौर में पंजाब ने अमन, तरक्की और खुशहाली देखी है। आज पंजाब को फिर उसी तरह के मज़बूत नेतृत्व और स्थिर सरकार की ज़रूरत है।

उन्होंने कहा कि आज पंजाब नशे, गैंगस्टरवाद, फिरौती, बेरोज़गारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। राज्य का हर वर्ग, चाहे किसान हो, मज़दूर, व्यापारी, कर्मचारी, युवा या महिलाएँ, मौजूदा हालात से चिंतित है। गैंगस्टरों की फिरौती कॉल और आपराधिक घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल पैदा किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अमन-कानून की बहाली हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी और गैंगस्टरों व आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

नशे के मुद्दे पर बोलते हुए ढिल्लों ने कहा कि नशा आज पंजाब की सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है। हर रोज़ हमारे युवा नशे की भेंट चढ़ रहे हैं। तीन महीने में नशा खत्म करने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के राज में नशा घर-घर तक पहुँच गया है। भारतीय जनता पार्टी पंजाब में नशे को खत्म करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने कर्मचारियों, पेंशनरों और कच्चे (संविदा) कर्मचारियों से किए वादे पूरे नहीं किए। डीए की किश्तें बकाया हैं और कर्मचारी अपने हक़ों के लिए सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर हैं। भाजपा-अकाली दल की सरकार बनने पर कर्मचारियों के हक़ों और मान-सम्मान की बहाली को प्राथमिकता दी जाएगी।

युवाओं के भविष्य के बारे में बात करते हुए ढिल्लों ने कहा कि बेरोज़गारी के कारण पंजाब के युवा विदेश जाने को मजबूर हैं। पंजाब की जवानी को राज्य में ही रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्योगों, स्टार्टअप, खेलों और कौशल विकास को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि युवा अपने राज्य में रहकर ही अपने सपने पूरे कर सकें।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने राज्य को पहले ही बर्बाद कर दिया है, जबकि कांग्रेस के पास भी पंजाब को लेकर कोई एजेंडा नहीं है। कांग्रेस 1984 में दरबार साहिब पर हमला करने और सिखों का कत्लेआम करने वाली सिख विरोधी पार्टी है, जिसे पंजाब के लोग कभी भुला नहीं सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई सिर्फ़ कुर्सी के लिए है और उसके नेता कुर्सी के लिए ही लड़ रहे हैं। कांग्रेस का पंजाब और पंजाब के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। इसलिए पंजाब की इकलौती उम्मीद भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल की सरकार ही है, जो सारी समस्याओं का समाधान करेगी।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विकासमुखी और जनपक्षीय नीतियों को लेकर भाजपा और अकाली दल पंजाब के लोगों के बीच जाएँगे। डबल इंजन की ताकत और पंजाब की मिट्टी से जुड़े नेतृत्व के मेल से राज्य को विकास की नई बुलंदियों पर पहुँचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है क्योंकि आज श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व है। इस पवित्र दिन पर भाजपा और अकाली दल के गठबंधन की घोषणा पंजाब के भाईचारे को और मज़बूत करने का संकल्प भी है। गुरु साहिब की शिक्षाएँ हमें सरबत के भले, आपसी प्यार और एकता का संदेश देती हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने इस ऐतिहासिक फ़ैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल का धन्यवाद करते हुए कहा कि भाजपा और अकाली दल मिलकर पंजाब को फिर से अमन, विकास और खुशहाली की राह पर ले जाने के लिए वचनबद्ध हैं।