Punjabi News

अधिक दूध उत्पादन और किसानों की समृद्धि के लिए वैज्ञानिक तरीके से पशु प्रबंधन अत्यंत आवश्यक: गुरमीत सिंह खुड्डियां

14

* वैटरनरी अफ़सरों को बीमारियों की रोकथाम, वैज्ञानिक आहार और पशु फार्मों की सफाई तथा जैविक सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान

* राज्य-स्तरीय तकनीकी सेमिनार के दौरान आधुनिक डेयरी फार्मिंग, बीमारियों की रोकथाम और प्रजनन क्षमता पर जोर

चंडीगढ़: पंजाब की डेयरी अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने तथा पशुओं के वैज्ञानिक प्रबंधन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पशुपालन विभाग द्वारा यहां किसान भवन में पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए राज्य-स्तरीय तकनीकी सेमिनार आयोजित किया गया। “आधुनिक पशुपालन प्रबंधन: पोषण, बीमारियों की रोकथाम, प्रजनन और फार्मों की सफाई” विषय के अंतर्गत आयोजित इस सेमिनार की अध्यक्षता पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने की।

सेमिनार को संबोधित करते हुए स. खुड्डियां ने पशु चिकित्सा अधिकारियों को पारंपरिक उपचार प्रणाली से आगे बढ़ते हुए पशुओं की स्वास्थ्य देखभाल के प्रति सक्रिय और रोकथाम-आधारित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सा अधिकारी वैज्ञानिक प्रगति और ग्रामीण समृद्धि के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं और आधुनिक पशु चिकित्सा जानकारी के माध्यम से डेयरी किसानों को लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक रूप से संतुलित आहार, बेहतर आनुवंशिक क्षमता, कुशल प्रजनन प्रबंधन, फार्म की उचित सफाई और व्यापक टीकाकरण कवरेज की ओर मार्गदर्शन करने को कहा। उन्होंने आगे कहा कि पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, दूध उत्पादकता में सुधार और किसानों की आय बढ़ाने के लिए समय पर रोकथाम-आधारित स्वास्थ्य देखभाल और बेहतर पशु प्रबंधन पद्धतियां आवश्यक हैं।

पशुपालन मंत्री ने पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, जमीनी स्तर पर कुशल सेवाएं प्रदान करने, ‘राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम’ (एनएडीसीपी) के अंतर्गत सख्त ‘सीरो-मॉनिटरिंग’ प्रोटोकॉल लागू करने और प्रयोगशाला अनुसंधान को फार्म स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

तकनीकी सत्रों में डेयरी पशु प्रबंधन के प्रमुख पहलुओं पर प्रतिष्ठित वैटरनरी विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। डॉ. जीवन गुप्ता ने डेयरी फार्मों की दीर्घकालिक स्थिरता और लाभप्रदता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी लागत प्रबंधन और पशुओं को बीमारियों से बचाने के महत्व को उजागर किया। अक्सर अनदेखी की जाने वाली चिंताओं जैसे सब-क्लिनिकल एनीमिया, रुमेनल पीएच में उतार-चढ़ाव और चारे तथा पानी में माइकोटॉक्सिन प्रदूषण पर ध्यान देते हुए, उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों का शुरुआत में ही पता लगाने के लिए समय-समय पर हीमोग्लोबिन (एचबी) प्रोफाइलिंग की सिफारिश की। उन्होंने टिक वैक्टरों को नियंत्रित करने और हीमोप्रोटोजोआन बीमारियों को रोकने के लिए फ्लेम गन द्वारा थर्मल कीटाणुशोधन सहित प्रभावी टिक-नियंत्रण उपायों पर भी जोर दिया।

डॉ. रविंदर ग्रेवाल ने रूमिनेंट पोषण पर बोलते हुए कहा कि अधिक उत्पादकता वाले पशुओं की आनुवंशिक क्षमता का वैज्ञानिक रूप से तैयार किए गए और चरण-विशिष्ट पोषण के माध्यम से ही पूरी तरह से पता लगाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि बछड़े और बछिया पालन के दौरान पोषण संबंधी कमियां भविष्य में दूध देने के प्रदर्शन पर बुरा प्रभाव डाल सकती हैं। बछड़े के जन्म से तीन सप्ताह पहले और तीन सप्ताह बाद के छह-सप्ताह के महत्वपूर्ण समय को उजागर करते हुए, उन्होंने कीटोसिस, फैटी लिवर सिंड्रोम और हाइपोकैल्सीमिया जैसे पाचक विकारों को कम करने के लिए अनुशासित पोषण प्रबंधन पर जोर दिया।

प्रजनन कुशलता और पशु उत्पादकता पर विचार करते हुए, डॉ. करनबीर सिंह भिंडर ने प्रजनन कार्यकुशलता और डेयरी फार्मों की आर्थिक व्यवहार्यता के बीच संबंधों को उजागर किया। उन्होंने गर्भाशय विकारों के प्रबंधन, गर्भधारण दर में सुधार करने और बछड़े से गर्भावस्था के अंतराल को कम करने के लिए समय पर पोस्टपारटम जांच और शुरुआती डायगनौस्टिक हस्तक्षेप की वकालत की। उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष प्रति गाय प्रति एक बछड़े के उत्पादकता लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कुशल प्रजनन प्रबंधन आवश्यक है।

डॉ. हर्षित सेठी ने राष्ट्रीय रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनडीसीपी) के अंतर्गत पशुओं के टीकाकरण के मानकों पर चर्चा की, विशेष रूप से मुंह-खुर की बीमारी (एफएमडी) के लिए टीकाकरण और सीरोमॉनिटरिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने फील्ड वायरस गतिविधि की निगरानी में डीआईवीए डायग्नोस्टिक्स की भूमिका के बारे में जानकारी दी और एफएमडी एसएटी-1 सीरोटाइप सहित वायरल स्ट्रेन के संभावित रूप से पशुओं में प्रवेश के खिलाफ अधिक सतर्कता की मांग की। उन्होंने बीमारियों के प्रसार के जोखिम को कम से कम करने के लिए फार्म स्तर पर जैविक सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

पशुपालन विभाग ने किसानों को उचित फार्म रिकॉर्ड बनाए रखने, चरण-विशिष्ट पोषण संतुलन अपनाने और डेयरी क्लस्टरों में 100 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज की ओर काम करने के लिए प्रोत्साहित करके वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन प्रबंधन पद्धतियों को तेज करने का संकल्प लिया। भाग लेने वाले पशु चिकित्सा अधिकारियों को भी आग्रह किया गया कि वे बीमारी की निगरानी को मजबूत करें और यह सुनिश्चित करें कि वैज्ञानिक सिफारिशें जमीनी स्तर पर किसानों तक पहुंच सकें।

सेमिनार के अंत में प्रबंधकीय नेतृत्व और वैटरनरी अफ़सरों द्वारा पशुओं की स्वास्थ्य देखभाल में तेजी लाने, फील्ड स्तरीय बीमारियों की निगरानी में सुधार करने और बेहतर पशु कल्याण, अधिक दूध उत्पादकता और पंजाब के डेयरी क्षेत्र की आर्थिक स्थिरता के लिए आधुनिक डेयरी फार्मिंग पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
बॉक्स

गुरमीत खुड्डियां ने पशुपालन विभाग में युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे

इसी दौरान पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने पशुपालन विभाग में दो क्लर्कों और एक दर्जा चार कर्मचारी को नियुक्ति पत्र सौंपे।

स. खुड्डियां ने नव-नियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बिना किसी सिफारिश या पक्षपात के केवल मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नव-नियुक्त कर्मचारियों को पंजाब के लोगों की ईमानदारी और पूरी लगन से सेवा करने तथा ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण के मिशन में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।