Punjabi News

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का अहम सदस्य हैरी बॉक्सर अमेरिका में पकड़ाया; सलमान खान समेत कई कलाकारों को धमकाने का है आरोप

12

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है। अमेरिकी एजेंसी ICE ने उसे कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया है।

अधिकारियों ने शनिवार जानकारी देते हुए बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का अहम सदस्य हैरी बॉक्सर, जो जबरन वसूली और हत्या के कई मामलों में वांछित था, उसे अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल और हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर, अमेरिकी अधिकारियों ने शुक्रवार रात उसे कैलिफोर्निया से पकड़ा।

अधिकारियों के अनुसार, बॉक्सर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी था और अमेरिका में रहकर गैंग की गतिविधियां चला रहा था। उस पर हत्या और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं उसने सोशल मीडिया और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड से जुड़े कई लोगों को धमकियां भी दी थीं।

रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी

बॉक्सर ने इस साल फरवरी में मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी। वहां पांच राउंड फायरिंग हुई थी, लेकिन सुरक्षा गार्ड के पुलिस को सतर्क कर देने के कारण कोई घायल नहीं हुआ। बाद में, पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा हैरी पर सलमान खान और कपिल शर्मा समेत अन्य बॉलीवुड हस्तियों को धमकी देने का भी आरोप है।

हाल ही में अभिनेता तुषार कपूर को मिली थी धमकी

ऐसी आशंका थी कि बॉक्सर के गुर्गों ने अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। हालांकि, मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस संभावना को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि धमकी भरे ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज, बॉक्सर की आवाज के नमूने से मेल नहीं खाती है।

विदेश से बॉक्सर का उगाही नेटवर्क

अधिकारियों के अनुसार, बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट है। वह मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसुर इलाके का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी, जिसके चलते उसे ‘बॉक्सर’ उपनाम मिला।

अपराध की दुनिया में आने से पहले, उसने बॉक्सिंग कोच के तौर पर काम किया था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी की थी।

यह स्पष्ट नहीं है कि वह कब विदेश गया, लेकिन पुलिस को शक है कि वह एक बड़ा नेटवर्क चलाता था और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कामकाज में अहम भूमिका निभाता था। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में कई आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आया है।

कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे में हुई गोलीबारी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। उम्मीद है कि भारतीय एजेंसियां, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की मदद से, उसे भारत लाने (प्रत्यर्पण करने) के लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू करेंगी।

गौर हो कि इससे पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया गया था। ये दोनों भारत में कई आपराधिक मामलों में वांछित हैं।