आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां लिटिल गार्डन्स स्कूल में होमवर्क पूरा न करने पर टीचर ने UKG के एक 6 साल के बच्चे को इस कदर डांटा और पीटा की डर से बच्चे की मौत हो गई.
परिजन का आरोप है कि बच्चे को डर के मारे हार्ट अटैक आ गया और उसकी मौत हो गई. यह पूरी घटना क्लासरूम में लगे CCTV में रिकॉर्ड हो गई जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इस घटना से राज्य में आक्रोश फैल गया है और बच्चे के परिवार व रिश्तेदारों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार को शहर के ‘वन टाउन’ इलाके में स्थित ‘लिटिल गार्डन्स स्कूल’ में हुई। मरने वाले छात्र की पहचान प्रणय तेजा के तौर पर हुई है, जो कृष्णा प्रसाद और साईं लक्ष्मी का बेटा था।
पुलिस का कहना है कि होमवर्क पूरा न करने पर टीचर ने कथित तौर पर प्रणय की शर्ट पकड़ी, डांटा और उसे थप्पड़ मारा। थप्पड़ लगने के तुरंत बाद प्रणय टीचर की गोद में गिर पड़ा जो वायरल CCTV में भी साफ दिख रहा है. बाद में बच्चे को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और रेवेन्यू अधिकारी बच्चे की मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या प्रणय को पहले से कोई बीमारी थी जिसकी वजह से उसकी मौत हुई। प्रणय की मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
परिवार ने टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
टीचर और स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए परिवार ने इस बात से इनकार किया है कि प्रणय को पहले से कोई बीमारी थी। उन्होंने कहा, “वह बिल्कुल सामान्य बच्चा था और उसे कोई समस्या नहीं थी। वह बुधवार शाम और गुरुवार सुबह बिल्कुल ठीक था। उसे कोई बीमारी भी नहीं थी।” उन्होंने महिला टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


















