Punjabi News

नशा तस्करी एवं संगठित आपराधिक गठजोड़ का एक गुर्गा अमृतसर में गिरफ्तार; 20 किलो हेरोइन बरामद

8
  • विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहा था गिरफ्तार किया आरोपी: डीजीपी गौरव यादव
  • पुलिस ने तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार भी की ज़ब्त

चंडीगढ़/अमृतसर, 01 अगस्त: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के मद्देनजर चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सीमा पार से नशा तस्करी और संगठित अपराध को अंजाम देने वाले गठजोड़ के एक गुर्गे को 20 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस गठजोड़ का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज यहां दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान ओम शर्मा निवासी अमृतसर रोड, झबाल, तरनतारन के रूप में हुई है। हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही उसकी होंडा सिटी कार (पीबी 46एजे 6021) को भी जब्त किया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी सीमा पार के तस्करों से जुड़े एक विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी को सीमावर्ती क्षेत्र में हेरोइन की खेप प्राप्त करके पूरे पंजाब में आगे सप्लाई करने का काम सौंपा गया था।

ऑपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर को पुख्ता सूचना मिली थी कि विदेशी हैंडलर के साथी नशा तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल हैं और जिला अमृतसर के अजनाला सीमावर्ती क्षेत्र में अपने पाकिस्तानी साथियों द्वारा ड्रोन के माध्यम से भेजी गई हेरोइन की खेपें प्राप्त करके अपने एक अन्य साथी ओम शर्मा तक पहुंचाते हैं, जो उन खेपों को राज्य में आगे अन्य लोगों तक डिलीवरी करता है।

जानकारी से यह भी पता चला है कि संदिग्ध ओम को हाल ही में हेरोइन की एक बड़ी खेप प्राप्त हुई है और वह इस खेप को आगे किसी अन्य पक्ष को डिलीवरी करने के लिए अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियाँ रोड पर स्थित सोहियाँ कलाँ के क्षेत्र में आ रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापामारी की और सोहियाँ कलाँ में दाना मंडी के पास से ओम शर्मा को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद की।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित किए जा रहे हैं और पूरे नेटवर्क की पहचान करने तथा पहले से उजागर किए जा चुके अन्य नशा तस्करी मॉड्यूलों से इस गिरोह के संभावित संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 48 दिनांक 31/07/2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।