Punjabi News

Chandigarh News: पंजाब यूनिवर्सिटी में करंट लगने से PhD स्कॉलर की मौत, अगले महीने होनी थी शादी

12

Chandigarh News: चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में मंगलवार सुबह कथित तौर पर बिजली का झटका लगने से 28 साल की PhD स्कॉलर की मौत हो गई। मृतक की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी ज़िले की रहने वाली ज्योति के तौर पर हुई है। जानकारी के अनसार अगले महीने उसकी शादी होनी थी।

पुलिस के मुताबिक, ज्योति अपनी माइक्रोबायोलॉजी क्लास के लिए गर्ल्स हॉस्टल से निकली थी, तभी पानी से भरे कच्चे रास्ते पर उसे बिजली का झटका लगा और वह गिर पड़ी। साथी छात्र उसे पास के अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भारी बारिश की वजह से सुबह से ही इलाके में पानी भरा हुआ था।

VC के ऑफिस के बाहर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन

इस घटना से यूनिवर्सिटी कैंपस में गुस्सा फैल गया और छात्रों ने जवाबदेही और तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए वाइस-चांसलर (VC) के ऑफिस के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शन के दौरान, छात्रों ने VC के ऑफिस का गेट तोड़ दिया और अंदर घुस गए।

बिजली का झटका लगने की असल वजह का अभी तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में विद्युत सुरक्षा और आधारभूत ढांचे के रखरखाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। छात्र भी कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।