Punjabi News

Japan Earthquake : जापान में 6.8 तीव्रता का भूकंप: शॉपिंग मॉल गिरा, 50 से ज्यादा लोग के फंसे होने की आशंका

8

Japan Earthquake : जापान में 6.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। जानकारी के अनुसार जापान के दक्षिणी कुमामोटो प्रांत में मंगलवार को 6.8 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। भूकंप के तेज झटकों के बाद काशिमा शहर स्थित एक शॉपिंग मॉल की दूसरी मंजिल ढह गई, जिससे 50 से ज्यादा लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कई लोग घायल हुए हैं।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 4:27 बजे आया। इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन करीब एक घंटे बाद इसे वापस ले लिया गया।

भूकंप के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर क्यूशू द्वीप के 1.5 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में जाने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय प्रसारक NHK की तस्वीरों में कई सड़कों और पुलों में दरारें, इमारतों में आग और अन्य नुकसान दिखाई दे रहे हैं। सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है, जबकि प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

भूकंप के बाद, जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जल्द से जल्द नुकसान का जायजा लें। सरकार ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे इंसानी जान को सबसे ऊपर रखें और आपातकालीन आपदा राहत कार्यों में कोई कसर न छोड़ें।

इसके अलावा, जापानी सरकार ने कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाज़ाकी प्रांतों के लिए भी आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी की; ये सभी जापान के दक्षिणी क्यूशू द्वीप पर स्थित हैं।