
जम्मू/श्रीनगर : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एन.आई.ए.) ने 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन (लश्कर-ए-तैयबा) के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ सोमवार को पूरक (सप्लीमेंट्री) चार्जशीट दाखिल की है। NIA ने हाफिज सईद पर इस हमले की साजिश रचने का मुख्य आरोपी होने का आरोप लगाया है। एन.आई.ए. ने यह पूरक चार्जशीट जम्मू स्थित विशेष एन.आई.ए. अदालत में दाखिल की।
चार्जशीट में हाफिज सईद को व्यक्तिगत रूप से आरोपी बनाया गया है, साथ ही उसे प्रतिबंधित आतंकी संगठन (लश्कर-ए-तैयबा) और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टी.आर.एफ.) का संस्थापक और प्रमुख बताते हुए भी नामजद किया गया है।
जांच एजैंसी के अनुसार, हाफिज सईद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.), 2023 और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यू.ए.पी.ए.), 1967 की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। इनमें भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश और सीमा पार से आतंकी हमले की योजना बनाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
एन.आई.ए. ने बताया कि यह पूरक चार्जशीट पहले दाखिल की गई 1,597 पन्नों की मूल चार्जशीट का हिस्सा है। इसमें पाकिस्तान की कथित भूमिका, हाफिज सईद की संलिप्तता और वैज्ञानिक जांच व फील्ड जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले में आतंकियों ने कथित तौर पर धर्म के आधार पर पर्यटकों को निशाना बनाया था। इस हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक समेत कुल 26 लोगों की मौत हुई थी। यह जम्मू-कश्मीर के हाल के वर्षों के सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक माना जाता है।
NIA ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। एजैंसी सीमा पार रची गई बड़ी साजिश का पूरा खुलासा करने और इस हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।
















