Punjabi News

पंजाब कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है: वड़िंग कहा: चन्नी द्वारा नेताओं के साथ बैठक करने में कुछ भी गलत नहीं है

13

दोहराया: मैं मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हूं

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश कांग्रेस में किसी भी तरह की गुटबाजी नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा अपने आवास पर पार्टी नेताओं के साथ बैठक करने में कोई भी गलत बात नहीं है।

यहां पत्रकारों के साथ एक अनौपचारिक बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में, वड़िंग ने कहा कि चन्नी पूर्व मुख्यमंत्री हैं और पार्टी की प्रचार समिति के अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में उनके द्वारा पार्टी नेताओं के साथ बैठक करने में भला क्या गलत या गुटबाजी वाली बात है? वड़िंग ने कहा कि उस बैठक में मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं ने केवल पार्टी के हित में ही अपने विचार रखे थे।

एक अन्य सवाल के जवाब में, वड़िंग ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या चन्नी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि यह निर्णय लेने का अधिकार उनके पास नहीं, बल्कि पार्टी हाईकमान के पास है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी शामिल हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जोर देते हुए, कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य पंजाब में कांग्रेस की दोबारा सरकार बनाना है, क्योंकि राज्य की जनता पार्टी को फिर से सत्ता में देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी है, उसे उन्होंने हमेशा अपनी पूरी क्षमता और ईमानदारी से निभाया है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के एक वफादार और समर्पित सिपाही के रूप में आगे भी अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आज हम जो भी हैं, अपनी पार्टी की वजह से हैं, वरना हमारी कोई पहचान नहीं होती। पार्टी सबसे पहले है और हर चीज से ऊपर है।

जबकि पार्टी में गुटबाजी की अटकलों को खारिज करते हुए, वड़िंग ने कहा कि बहुत जल्द सभी वरिष्ठ नेता एक ही मंच पर एक साथ नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी का एकमात्र साझा उद्देश्य पंजाब में कांग्रेस की दोबारा सरकार बनाना है, इसके अलावा कोई अन्य बात महत्वपूर्ण नहीं है।