Punjabi News

पंजाब कांग्रेस में आज बड़े फेरबदल के आसार! हाईकमान खोल सकता है ‘बंद लिफाफा’

9

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर शनिवार को बड़ा फैसला सामने आ सकता है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की।

इससे पहले पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, एआईसीसी के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला, विधायक परगट सिंह, अरुणा चौधरी, सांसद डॉ. अमर सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता गुरुवार को ही दिल्ली पहुंच चुके थे।

सूत्रों के मुताबिक, 27 जून को संगठनात्मक फेरबदल को लेकर तैयार किए गए फैसलों का ‘बंद लिफाफा’ खोला जा सकता है। हालांकि, कांग्रेस हाईकमान की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन लगातार बैठकों के बाद पंजाब के वरिष्ठ नेताओं का दिल्ली में डेरा जमाए रखना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि हाईकमान संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी कर चुका है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पंजाब के तीन नए पर्यवेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) की रिपोर्ट और पिछले दिनों हुए लंबे मंथन के बाद संगठनात्मक बदलाव पर फैसला तैयार किया गया है। अब सभी की नजर हाईकमान की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है।