Punjabi News

बेकाबू LPG टैंकर ने टोल बूथ को मारी टक्कर, गैस लीकेज से लगी भीषण आग, धमाके जैसी लपटों में 7 लोग बुरी तरह झुलसे

14

Kaushambi News : कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में एक टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह एक एलपीजी टैंकर बेकाबू होकर डिवाइडर और फिर टोल बूथ से टकरा गया। पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद गैस लीक होने से टैंकर में आग लग गई, जिससे छह टोलकर्मी और एक ट्रक चालक समेत सात लोग झुलस गए।

दो किमी दूर से दिखाई दीं आग की लपटें
पुलिस के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि कोखराज टोल प्लाजा पर एलपीजी टैंकर बेकाबू होकर टोल बूथ से टकरा गया है जिससे आग लग गई है। हादसे के बाद
टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि सूचना पर जिले की सभी दमकल गाड़ियां और पुलिस के साथ वह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि दमकल कर्मियों ने तुरंत यातायात रुकवाया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझाने के बाद भी अग्निशमन कर्मी निगरानी के लिए मौके पर मौजूद रहे।

पांच घायलों को प्रयागराज रेफर किया गया
एसपी ने बताया कि आग लगने से छह टोलकर्मी और एक ट्रक चालक समेत सात लोग झुलस गए हैं। इनमें से चार टोलकर्मी आलोक सिंह, हीरामणि, अतुल मिश्रा और कृष्ण पाल मौर्य तथा एक ट्रक चालक समेत पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सभी को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।

दो घायलों की हालत खतरे से बाहर
हादसे में झुलसे दो अन्य टोलकर्मियों को मूरतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की जानकारी जिला आपूर्ति निरीक्षक और एक तकनीकी दल को दे दी गई है। तकनीकी दल सभी पहलुओं की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाएगा। अधिकारी के अनुसार आग पूरी तरह बुझा दी गई है और यातायात धीरे-धीरे बहाल कराया जा रहा है।