
Shanghai Fraud Case: चीन के शंघाई से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने खाली पड़े फ्लैट का ताला बदलकर खुद को उसका मालिक बता अपने ही पुराने दोस्तों को करीब 83 लाख रुपये में बेच दिया। लंबे समय तक यह ठगी चलती रही, लेकिन जब फ्लैट का असली मालिक वहां पहुंचा तो पूरा खेल बदल गया। पुलिस जांच में आरोपी की चालाकी सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत ने उसे धोखाधड़ी का दोषी मानते हुए 10 साल 3 महीने की जेल और 1 लाख युआन के जुर्माने की सजा सुनाई।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी जिसका नाम सन बताया गया वह पहले दो दुकानों का मालिक था, लेकिन कारोबार ठप होने के बाद उसकी आर्थिक हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इससे पहले भी वह धोखाधड़ी के मामले में जेल की सजा काट चुका था। साल 2017 में जेल से बाहर आने के बाद उसके पुराने दोस्तों, जो एक विवाहित दंपति और प्रवासी मजदूर थे, दोनों ने उसकी काफी मदद की। आय कम होने के बावजूद इस दंपति ने कई बार उसे आर्थिक सहायता दी, खाने-पीने का इंतजाम किया और मुश्किल समय में उसका साथ निभाया। सन ने भी भरोसा दिलाया था कि वह एक दिन उनका यह एहसान जरूर चुकाएगा।
सस्ते घर का सपना दिखाकर ऐंठ लिए लाखों रुपये
कुछ समय बाद दंपति ने शंघाई में कम कीमत पर घर खरीदने की इच्छा जताई। इसी मौके का फायदा उठाते हुए सन ने दावा किया कि उसके सरकारी विभागों में अच्छे संपर्क हैं और वह सामान्य बाजार भाव से काफी सस्ता फ्लैट दिला सकता है। दोस्तों ने उस पर भरोसा किया और साल 2023 से किस्तों में पैसे देने शुरू कर दिए। कभी बुकिंग शुल्क तो कभी लोन प्रक्रिया का हवाला देकर उसने उनसे करीब 7 लाख युआन, यानी लगभग 83 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद उसने कहा कि पुनर्वास योजना के तहत फ्लैट मिल गया है, लेकिन अंतिम प्रक्रिया पूरी करने के लिए 4 लाख युआन और जमा कराने होंगे।
खाली पड़े फ्लैट का ताला बदलकर बना मालिक
असलियत यह थी कि जिस फ्लैट की बात की जा रही थी, वह किसी दूसरे व्यक्ति की संपत्ति थी और कई महीनों से खाली पड़ा था। सन ने इसी का फायदा उठाया। उसने एक ताला बनाने वाले को बुलाया और चाबी खो जाने का बहाना बनाकर फ्लैट का लॉक बदलवा दिया। इसके बाद उसने अपने दोस्तों को फ्लैट दिखाया, नई चाबियां सौंप दीं और फर्जी बिक्री समझौते पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। दंपति को यकीन हो गया कि अब यह घर उनका हो चुका है।
असली मालिक के पहुंचते ही खुल गई पूरी पोल
मई 2025 में फ्लैट का असली मालिक एक संभावित किराएदार के साथ वहां पहुंचा। जब उसकी पुरानी चाबी दरवाजा नहीं खोल सकी तो उसे शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि फ्लैट का ताला बदला जा चुका है। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें पूरी साजिश सामने आ गई। फुटेज के आधार पर सन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ के दौरान सन ने स्वीकार किया कि उसने दोस्तों से लिए गए अधिकांश पैसे पुराने कर्ज चुकाने और अपने रोजमर्रा के खर्चों में खर्च कर दिए। ऐसे में पीड़ित दंपति के लिए अपनी रकम वापस मिलने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।
अदालत ने सुनाई 10 साल से ज्यादा की सजा
मामले की सुनवाई के बाद स्थानीय अदालत ने सन को धोखाधड़ी का दोषी मानते हुए 10 साल 3 महीने की जेल की सजा सुनाई। साथ ही उस पर 1 लाख युआन (करीब 12 लाख रुपये) का जुर्माना भी लगाया गया।
घर खरीदते समय रखें ये सावधानियां
यह मामला एक बड़ी सीख भी देता है। चाहे सामने वाला कितना भी करीबी क्यों न हो, संपत्ति खरीदने से पहले उसके मालिकाना हक, रजिस्ट्री, सरकारी रिकॉर्ड और सभी जरूरी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करना बेहद जरूरी है। सिर्फ जान-पहचान या भरोसे के आधार पर किया गया सौदा भारी नुकसान का कारण बन सकता है।















