— पुलिस टीमों ने 119 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की, 7 को पूछताछ के बाद रिहा किया गया
— लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गैंगस्टरों के बारे में गोपनीय रूप से रिपोर्ट कर सकते हैं
— युद्ध नशों विरूद्ध के 468वें दिन 74 नशा तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़:राज्य में चल रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 143वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 571 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए छेड़ा गया एक निर्णायक अभियान है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।
143वें दिन पुलिस टीमों ने छह हथियारों सहित 358 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस अभियान की शुरुआत के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 36,381 हो गई है।
इसके अलावा 119 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 7 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 3 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गोपनीय रूप से जानकारी दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों संबंधी सूचनाएं भी साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को 468वें दिन भी जारी रखते हुए आज 90 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 208 ग्राम हेरोइन, 150 किलोग्राम भुक्की, 1119 नशीली गोलियां और 2.62 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
इसके साथ ही केवल 468 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 67,933 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज सात व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया।
















