चंडीगढ़ : हरियाणा में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस उद्देश्य से हरियाणा स्वास्थ्य विभाग और मेदांता फाउंडेशन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) हस्ताक्षरित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना और स्वास्थ्य सुविधाओं को आमजन तक बेहतर तरीके से पहुंचाना है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस एमओयू को हरियाणा के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने सरकार और मेदांता के इस सहयोग की सराहना करते हुए बताया कि यह सहयोग सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) के माध्यम से दूर-दराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य परिणामों को बेहतर बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे विशेष रूप से दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आगे बताया कि इस साझेदारी के तहत अटेली के स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तरों वाले उप-मंडल अस्पताल (सब-डिविजनल हॉस्पिटल) के रूप में अपग्रेड किया जाना प्रस्तावित है, जिसके बाद रेवाड़ी के मीरपुर और गुरुग्राम के फर्रुखनगर में भी इसी तरह के सुधार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है। मेदांता फाउंडेशन के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा, जिससे प्रदेश के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।














