Punjabi News

पंजाब में खड़गे और राहुल के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी कांग्रेस: वड़िंग

12

 कहा: दीवार पर लिखा साफ नजर आ रहा है कि पंजाब में कांग्रेस की अगली सरकार बनने जा रही है

बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड मामले में कार्रवाई न होने पर आप सरकार से किए सवाल

तंज कसा: जैसे भाजपा ‘ईडी पार्टी’ है, उसी तरह आप ‘विजिलेंस पार्टी’ है

चंडीगढ़,: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि पंजाब में होने वाले आगामी चुनाव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़े जाएंगे।

 

इस संबंध में, एक सवाल के जवाब में कि पंजाब विधानसभा चुनाव पार्टी किसके नेतृत्व में लड़ेगी, वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस खड़गे और राहुल के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी और इसमें कोई संदेह नहीं है। वहीं पर, जब उनकी अपनी भूमिका के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वह हमेशा से पार्टी के एक कार्यकर्ता रहे हैं और आगे भी कार्यकर्ता के रूप में ही पार्टी की सेवा करते रहेंगे।

 

उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि पंजाब में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और दीवार पर लिखा साफ नजर आ रहा है कि अगली सरकार कांग्रेस की बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के हर कांग्रेसी का लक्ष्य है और हर कोई इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

वहीं पर, वड़िंग ने बेअदबी और बहबल कलां पुलिस गोलीकांड के मुद्दे पर, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी, भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार की सुस्ती और मामले में कार्रवाई न किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने हैरानी जताई कि साढ़े चार साल बीत जाने और तत्कालीन गृह मंत्री सुखबीर सिंह बादल द्वारा श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बावजूद सरकार कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।

 

जबकि आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा अकाली दल और भाजपा को क्रमशः ‘चिट्टा पार्टी’ और ‘ईडी पार्टी’ कहे जाने संबंधी सवाल के जवाब में, वड़िंग ने कहा कि भाजपा निश्चित रूप से देशभर में विपक्षी नेताओं के खिलाफ एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन आप भी इस मामले में किसी से कम नहीं है। क्योंकि वह पंजाब में अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ विजिलेंस विभाग का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि भाजपा ‘ईडी पार्टी’ है, तो आप ‘विजिलेंस पार्टी’ है।

 

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में, वड़िंग ने कहा कि पंजाब में बिट्टू अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता पहले ही खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह अब राज्यसभा सांसद भी नहीं रहेंगे और संभव है कि जल्द ही अपना मंत्री पद भी गंवा बैठें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है, जो अपने नेताओं का सम्मान करती है और उनकी राजनीतिक अहमियत को बनाए रखती है, जिसका एहसास बिट्टू को अब तक हो गया होगा।