बिजेस डेस्कः सोशल मीडिया पर इन दिनों एक खबर तेजी से वायरल हो रही है कि 30 जून 2026 से कागज के सभी नोट बंद हो जाएंगे। अगर आपने भी यह खबर पढ़ी है और इसे सच मान रहे हैं तो जरा रुकिए…सरकार ने इसे दावे को झूठा और भ्रामक बताया
PIB ने वायरल दावे को बताया फर्जी
बढ़ती चर्चाओं और लोगों की चिंताओं के बीच भारत सरकार के प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इस वायरल दावे को पूरी तरह से फर्जी बताया है। PIB ने स्पष्ट किया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का ऐसा कोई इरादा नहीं है। आपके पास मौजूद कागज के नोट पूरी तरह से सुरक्षित, वैध बने रहेंगे।
वायरल मैसेज में दावा किया जा रहा था कि 30 जून 2026 से देश में बड़ा आर्थिक बदलाव होने जा रहा है। लोगों को डराया जा रहा था कि आरबीआई मौजूदा सभी कागजी नोटों को वापस ले लेगा। इसके बदले बाजार में पूरी तरह से प्लास्टिक के नोट आ जाएंगे। इस खबर ने आम आदमी से लेकर छोटे-बड़े व्यापारियों और निवेशकों की बीच चिंता बढ़ा दी थी। कई लोग अपने पास मौजूदा नकदी को लेकर असमंजस में थे और नोटों की वैधता को लेकर सवाल उठा रहे थे।
कागजी नोट पूरी तरह से रहेंगे सुरक्षित
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि कागजी नोट पूरी तरह वैध हैं और आगे भी सामान्य रुप से लेन-देन में इस्तेमाल किए जा सकेंगे। अधिकारियों ने जनता को आगाह किया है कि वित्तीय मामलों से जुड़ी किसी भी संवेदनशील खबर को बिना सोचे-समझे मैसेजिंग ऐप्स पर आगे न भेजें।

















