Punjabi News

पटियाला में लाठीचार्ज क्रूरता और बर्बरता की हद: वड़िंग पुलिस को निर्दयतापूर्वक बल प्रयोग से बचने की चेतावनी दी

8

कहा: 6 महीनों के भीतर हर किसी से हिसाब लिया जाएगा

पुलिस को अपनी ताकत गैंगस्टरों के खिलाफ आजमाने की सलाह दी

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पटियाला में नौकरियों की मांग कर रहे 2600 आईटीआई योग्य उम्मीदवारों पर किए गए क्रूर और बर्बर बल प्रयोग की कड़ी निंदा की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए, कहा कि यह सरकार के निकट आते पतन के संकेत हैं। सरकार का अंत सामने खड़ा है, क्योंकि इसके दिन गिनती के रह गए हैं।

इस क्रम में, लाठीचार्ज पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, वड़िंग ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा की गई बर्बरता की तस्वीरें और वीडियो बेहद भयावह हैं। उन्होंने कहा कि ये दृश्य अंग्रेजी शासन की याद दिलाते हैं, जब पुलिस हमारे स्वतंत्रता सेनानियों पर अत्याचार करती थी। जबकि आज अपने ही लोगों के खिलाफ पुलिस की यह निर्दयी कार्रवाई हैरान करने वाली और दुखद है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना को माफ नहीं किया जाएगा और केवल छह महीने की बात है, जब हर किसी को अपने किए का हिसाब देना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए, कहा कि उनके पास इस घटना की रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें सुरक्षित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपना हक मांग रहे बेरोजगार युवाओं पर इस तरह बल प्रयोग करने के लिए पुलिस को शर्म आनी चाहिए।

वड़िंग ने पुलिस को अपनी ताकत अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराध पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है और अब उन निर्दोष लोगों को निशाना बना रही है जो केवल रोजगार की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा बड़ी संख्या में नौकरियां देने के दावों पर भी तंज कसते हुए, कहा कि आज का यह क्रूर लाठीचार्ज सरकार के शर्मनाक चेहरे पर करारा तमाचा है, क्योंकि इसका असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नौकरियां देने के बजाय बेरोजगारों पर दहशत थोपने का काम किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज हुई इस बर्बर कार्रवाई की जिम्मेदारी सीधे तौर पर मुख्यमंत्री की है, क्योंकि उनकी मंजूरी के बिना पुलिस इतनी कठोर कार्रवाई करने का साहस नहीं कर सकती।