Punjabi News

झज्जर में इनामी बदमाश गिरफ्तार, रुपए न देने पर बेटे ने मां पर कुल्हाड़ी से किया था हमला

10

झज्जर : थाना बेरी के अंतर्गत पुलिस चौकी छुछकवास की टीम ने अपनी मां पर जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से हमला करने के मामले में आरोपी राजेश निवासी खेतावास, जिला झज्जर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर झज्जर पुलिस द्वारा 5000 रुपए का ईनाम भी घोषित किया गया था।

चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतबीर कुमार ने बताया कि एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसकी सास घर की गली में खड़ी थी। इसी दौरान उसका जेठ राजेश वहां पहुंचा जिसके एक हाथ में कुल्हाड़ी तथा दूसरे हाथ में आरी थी। आरोपी ने अपनी मां से रुपए मांगे लेकिन उसकी मां द्वारा इन्कार करने पर वह कहासुनी करने लगा। इसके बाद आरोपी ने अपनी मां पर कुल्हाड़ी और आरी से हमला कर दिया जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस शिकायत के आधार पर थाना बेरी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी और आरी बरामद कर ली गई। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसको दोबारा अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।