India LPG Stock: मीडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ऊर्जा सप्लाई को लेकर दुनियाभर के देशों में टेंशन बढ़ गई है। ऐसे में भारत सरकार ने भी ईंधन बचत की सलाह दे दी है। जिसे देखते हुए जनता भी पेनिक करने लग गई है, ऐसे में सरकार और तेल कंपनियों ने साफ कर दिया है कि देश में गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
देश में कितना LPG स्टॉक मौजूद?
सरकारी अधिकारियों और तेल विपणन कंपनियों के अनुसार भारत के पास इस समय लगभग 15 से 20 दिनों का LPG रिजर्व स्टॉक सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा सभी प्रमुख रिफाइनरियों को पूरी क्षमता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि घरेलू जरूरतों पर किसी तरह का असर न पड़े। भारत अपनी कुल LPG जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदता है। इसमें खाड़ी देशों की भूमिका सबसे अहम मानी जाती है।
क्या अभी कहीं गैस की कमी है?
फिलहाल देश के किसी भी हिस्से से LPG की आधिकारिक कमी की सूचना नहीं मिली है। गैस एजेंसियों का कहना है कि सिलेंडर की सप्लाई सामान्य तरीके से जारी है और वितरण में कोई बड़ी रुकावट नहीं है। हालांकि गैस की कीमतें बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए कई लोग पहले से सिलेंडर बुक करा रहे हैं। इसी कारण कुछ शहरों में डिलीवरी में 2 से 3 दिन की देरी देखने को मिल रही है।
दूसरे देशों से भी बढ़ सकता है आयात
सरकार अब सिर्फ खाड़ी देशों पर निर्भर रहने के बजाय दूसरे विकल्पों पर भी ध्यान दे रही है। सूत्रों के मुताबिक अमेरिका और पश्चिमी अफ्रीका से LPG आयात बढ़ाने की तैयारी की जा रही है ताकि भविष्य में सप्लाई प्रभावित न हो।
आज क्या हैं घरेलू गैस सिलेंडर के दाम?
हाल ही में हुई बढ़ोतरी के बाद आज यानी 12 मई को LPG कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल पुराने बढ़े हुए दाम ही लागू हैं।
दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹1,100 से ऊपर पहुंच चुकी है।
मुंबई में सिलेंडर करीब ₹1,098 में मिल रहा है।
पटना में इसकी कीमत लगभग ₹1,200 के आसपास बनी हुई है।
इस बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा ईंधन बचाने की अपील के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय ने तेल कंपनियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने कहा है कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि घरेलू उपभोक्ताओं की गैस सप्लाई हर हाल में जारी रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर कमर्शियल गैस सप्लाई में कटौती की जा सकती है ताकि घरों में इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर की उपलब्धता बनी रहे।















