Punjabi News

गोलियों की गूंज से थर्राया यमुनानगर, मॉर्निंग वॉक पर निकले किसान को गोलियों से भूना…इलाके में दहशत

127

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : यमुनानगर के छप्पर थाना क्षेत्र के गांव बाल छप्पर में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक किसान की अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान गांव बाल छप्पर निवासी 50 वर्षीय किसान सतनाम सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सतनाम सिंह रोजाना की तरह सुबह सैर के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। गंभीर हालत में किसान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस, सीआईए टीम और जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी छप्पर अजय कुमार ने बताया कि पुलिस पुरानी रंजिश सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हमलावरों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी गई हैं।