Punjabi News

जालंधर में हुए Blast का पैट्रन BJP आफिस में हुए धमाके जैसा, पुलिस ने किया इलाका सील

14

जालंधर: शहर से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार जालंधर के प्रमुख BSF चौक के पास एक एक्टिवा में अचानक धमाका हो गया, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका होते ही एक्टिवा में आग भड़क उठी, जिसे देखकर आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

जानकारी के अनुसार डिलीवरी ब्वाय बी.एस.एफ. परिसर के बाहर अपनी एक्टिवा पार्क कर अंदर पैकेज देने गया था। इस दौरान उसके एक्टिवा में ब्लास्ट हो गया। अभी प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजैंसियां ब्लास्ट का कारण तलाशने में जुटी हुई है। मौके पर फारैंसिक टीमें बुलाई गई हैं। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है। डिलीवरी करने आए युवक को बी.एस.एफ. परिसर में बिठाया गया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि डिलीवरी ब्वाय के एक्टिवा में या तो किसी पार्सल में कुछ संदिग्ध वस्तु हो सकती है या फिर कुछ और कारण से धमाका हुआ, फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। अभी तक जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके के लोग कांप उठे। मौके पर मौजूद चश्मदीद लोगों का कहना है कि एकाएक एक्टिवा में जोर का धमाका हुआ तथा उसे आग लग गई। मौके पर मौजूद लोग इधर उधर भागने लगे। धमाके की आवाज लाडोवाली रोड पर काफी दूर तक सुनाई दी। पुलिस प्रशासन धमाके के कारणों की जांच कर रहा है।