Punjabi News

Kangra: जल्द होगा ठेकेदारों का भुगतान, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण में आगे आएं लोग : विक्रमादित्य सिंह

9

बैजनाथ (बावा): लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मतदाताओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को पंचायती राज चुनाव में मौका दें। उन्होंने ठेकेदारों को आश्वस्त किया है कि जल्द ही उनके लंबित बिलों का भुगतान कर दिया जाएगा। बैजनाथ पहुंचे लोक निर्माण मंत्री ने ब्लॉक कांग्रेस और ठेकेदारों से अनौपचारिक बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों के निर्माण में लोग आगे आएं और स्वेच्छा से संबंधित भूमि को विभाग के नाम करने में रुचि दिखाएं, ताकि प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जा सके।

उन्होंने कहा कि उतराला-होली मार्ग के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार गंभीर है और इस दिशा में जमीनी तौर पर कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा ने बैजनाथ विश्राम गृह के विस्तारीकरण और रखरखाव का मुद्दा उठाया, जिस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्द ही विभागीय अधिकारियों को इस बारे आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इस मौके पर मिलाप राना, सचिन शर्मा, कार्तिक राना, रविंद्र राव, महेंद्र डोरी विक्की राणा, शलभ अवस्थी, गंगा राम व मनीष शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।