Punjabi News

कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने नगर निगम कमिश्नरों और एडीसी (जी एवं यूडी) को मलेरिया और डेंगू की रोकथाम हेतु समय पर फॉगिंग सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

10

चंडीगढ़:उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली तथा स्थानीय निकायों से संबंधित कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने आज राज्यभर के सभी नगर निगम कमिश्नरों और अतिरिक्त उपायुक्तों (जनरल एवं शहरी विकास) को मलेरिया, डेंगू तथा अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग अभियान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि डेंगू और मच्छरों के माध्यम से फैलने वाली अन्य बीमारियां जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं और यदि इन्हें प्रभावी ढंग से नियंत्रित न किया जाए तो कीमती जानों का नुकसान हो सकता है।

जनस्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री अरोड़ा ने तत्काल फॉगिंग अभियान शुरू करने के सख्त निर्देश जारी किए और यह सुनिश्चित करने को कहा कि ये गतिविधियां नियमित रूप से जारी रहें तथा अक्टूबर तक चलने वाले पीक सीजन से पहले ही पूरी तरह लागू कर दी जाएं।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और उठाए गए कदमों की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उनके कार्यालय को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि जवाबदेही और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।