Punjabi News

Pakistan के अस्पतालों में बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़, इलाज में गंदी सुइयों का बार-बार इस्तेमाल ! सैंकड़ों मासूम HIV के हुए शिकार

13

International Desk: एक अंडरकवर जांच में Pakistan के पंजाब प्रांत के ताऊंसा स्थित सरकारी अस्पताल में गंभीर लापरवाही सामने आई है। ब्रिटिश अखबार BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चों के इलाज में गंदी सुइयों और दवाओं की शीशियों का बार-बार इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे HIV जैसे खतरनाक संक्रमण का जोखिम बढ़ गया। यह खुलासा BBC की डॉक्यूमेंट्री “Stolen lives: Who gave our children HIV?” में किया गया है। इसमें दिखाया गया है कि अस्पताल में अनट्रेंड वॉलंटियर्स भी बच्चों को इंजेक्शन लगा रहे थे, जो नियमों के खिलाफ है। 2025 में इस अस्पताल से जुड़े HIV संक्रमण के मामले सामने आए थे, जिसमें पहले 106 बच्चों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
लेकिन BBC की जांच के अनुसार नवंबर 2024 से अक्टूबर 2025 के बीच कम से कम 331 बच्चे HIV पॉजिटिव पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कई बार नर्सें बच्चों को कपड़ों के ऊपर से ही इंजेक्शन लगा रही थीं और इस्तेमाल की गई सुइयों को दोबारा इस्तेमाल के लिए दे रही थीं। कुछ मामलों में एक ही दवा की शीशी कई बच्चों को लगाई जा रही थी, जो पहले से ही खून से संक्रमित हो चुकी थी। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की लापरवाही से HIV और अन्य खून से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।
हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह वीडियो पुराना या बनाया हुआ हो सकता है और अस्पताल में सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया जाता है।इस मामले में पहले भी कार्रवाई की गई थी और अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को निलंबित किया गया था, लेकिन BBC की जांच बताती है कि हालात में ज्यादा सुधार नहीं हुआ। इस रिपोर्ट में प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों की दर्दनाक कहानियां भी सामने आई हैं, जहां कई बच्चे गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और कुछ की मौत भी हो चुकी है।