Punjabi News

निंदड़ में भव्य कलश यात्रा का उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया शुभारंभ

198

जयपुर। विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के निंदड़ में आयोजित होने जा रही जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य की दिव्य राम कथा एवं 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ से पूर्व बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक यात्रा में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सहभागिता निभाते हुए विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा को रवाना किया।

 

कलश यात्रा कुकरखेड़ा मंडी से प्रारंभ होकर निंदड़ स्थित यज्ञ स्थल तक पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति और श्रद्धा के साथ यात्रा में भाग लिया। मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत द्वार बनाए गए, वहीं जय राम के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र धर्ममय वातावरण से सराबोर हो गया।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण इस कलश यात्रा में मातृशक्ति की अभूतपूर्व सहभागिता ने आयोजन को और भी दिव्य बना दिया है। आध्यात्मिक ऊर्जा और अनुशासन के साथ संपन्न यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने इस भव्य एवं अनुकरणीय आयोजन के लिए समस्त आयोजक मंडल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।