‘आर.एस.एस. नेता के बेटे के हत्यारे को मार गिराना ज़ीरो-टॉलरेंस नीति का सबूत’ – बलतेज पन्नू
‘गैंगस्टरों को टिकटें नहीं, बल्कि सख्ती से कुचला जाएगा’-बलतेज पन्नू
चंडीगढ़:आम आदमी पार्टी (‘आप’) पंजाब के प्रदेश महासचिव बलतेज पन्नू ने फाजिल्का में आर.एस.एस. नेता के बेटे की हत्या के लिए जिम्मेदार गैंगस्टर के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि पंजाब पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है और राज्य सरकार की ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति पूरी तरह से लागू है।
बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब पुलिस लगातार इतनी मुस्तैद है कि वह किसी भी ऐसे व्यक्ति को सिर नहीं उठाने देगी जो कोई गैर-कानूनी काम करता है या फिर लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता है। उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी वह नहीं है जो गैंगस्टरों को टिकटें देती है, बल्कि यह सरकार गैंगस्टरों या कानून के साथ खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों को सख्ती से कुचलती है।
पन्नू ने फाजिल्का पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दिनों फिरोजपुर में आर.एस.एस. नेता के बेटे की हत्या के लिए जिम्मेदार गैंगस्टर को मुठभेड़ में मार गिराना पंजाब सरकार की शून्य-सहिष्णुता (जीरो-टॉलरेंस) नीति का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने गैर-कानूनी काम करने वाले लोगों को चेतावनी दी कि ‘आप’ सरकार अब राज्य में अमन-कानून की स्थिति को भंग करने की अनुमति नहीं देगी।











