Punjabi News

मो‍हिंदर भगत ने पैस्को के 47वें स्थापना दिवस पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए की सराहना

156

पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध —

चंडीगढ़:पंजाब के रक्षा सेवाएँ कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी एवं बागवानी मंत्री श्री मो‍हिंदर भगत ने आज पंजाब एक्स-सर्विसमेन कॉरपोरेशन (पैस्को) के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को हार्दिक बधाई दी।

मंत्री श्री भगत ने पैस्को द्वारा पिछले एक वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के अधीन 6000 से अधिक पूर्व सैनिकों को रोजगार प्रदान करने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य सरकार की कल्याण और पुनर्वास नीतियों के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की सामाजिक और आर्थिक उन्नति सुनिश्चित करना है।

मंत्री श्री भगत ने पैस्को की इस भूमिका की भी प्रशंसा की कि संस्था राज्य की महत्वपूर्ण संपत्तियों की सुरक्षा में तथा विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थाओं को सेवाएँ प्रदान करने में सक्रिय योगदान दे रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है। श्री भगत ने पूर्व सैनिकों को “ईमानदारी, निष्ठा और परिश्रम के प्रतीक” के रूप में वर्णित किया।

मंत्री श्री मो‍हिंदर भगत ने पैस्को के निरंतर विकास और सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएँ प्रकट कीं और विश्वास जताया कि संस्था भविष्य में भी पंजाब और उसके नागरिकों की सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका और अधिक सशक्त रूप में जारी रखेगी