Punjabi News

श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित निकलेगा विशाल नगर कीर्तन: हरजोत सिंह बैंस

151

– होशियारपुर पहुंचने पर नगर कीर्तन को दिया जाएगा शानदार ‘गार्ड ऑफ ऑनर’: दीपक बाली
– गुरु साहिब के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित लाजवंती स्टेडियम में होगा लाइट एंड साउंड शो
– कैबिनेट मंत्री बैंस, सलाहकार दीपक बाली और सचिव अभिनव त्रिखा ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

होशियारपुर: श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित समारोहों के तहत निकाले जाने वाले विशाल नगर कीर्तन की होशियारपुर जिले में पहुंच को लेकर की जाने वाली तैयारियों के संबंध में एक समीक्षा बैठक जिला प्रशासनिक परिसर होशियारपुर में कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में पर्यटन और सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली और सचिव डॉ. अभिनव त्रिखा के अलावा विधायक ब्रम शंकर जिम्पा, जसवीर सिंह राजा गिल, कर्मबीर सिंह घुम्मण ने विशेष रूप से भाग लिया। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने सभी उपस्थित व्यक्तियों का स्वागत किया।

बैठक के दौरान जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस व सलाहकार पर्यटन व संस्कृति विभाग दीपक बाली ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की 350वीं वर्षगांठ को पंजाब सरकार द्वारा बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके तहत विभिन्न समारोह आयोजित किए गए हैं। इसी के तहत विभिन्न स्थानों से विशाल नगर कीर्तन निकाले जाएंगे। इनमें से एक नगर कीर्तन 19 नवंबर 2025 को श्रीनगर से शुरू होकर 20 नवंबर को पठानकोट होते हुए 21 नवंबर को होशियारपुर जिले में पहुंचेगा। मुकेरियां, दसूहा से होते हुए गुरुद्वारा रामपुर खेड़ा में नगर कीर्तन का रात्रि ठहराव होगा। 22 नवंबर को कस्बा हरियाना से होते हुए होशियारपुर शहर पहुंचने पर नगर कीर्तन को शानदार ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा। इसके बाद चब्बेवाल, माहिलपुर, सैला खुर्द और गढ़शंकर से होते हुए यह नगर कीर्तन श्री आनंदपुर साहिब के लिए रवाना होगा। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन के पूरे मार्ग पर सफाई, लंगर सेवा, फूलों की वर्षा और पेयजल की विशेष व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि सभी शहरों, कस्बों और गांवों में नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 1 नवंबर से 18 नवंबर तक होशियारपुर के लाजवंती स्टेडियम में गुरु साहिब के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित एक शानदार लाइट एंड साउंड शो आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी संगतों से अपील की कि वे इस विशाल नगर कीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें।

इस दौरान विभाग के सचिव डॉ. अभिनव त्रिखा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इन समारोहों के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू की गई हैं और इन्हें शानदार ढंग से पूरा किया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने विश्वास दिलाया कि इस नगर कीर्तन के स्वागत के प्रबंधों को लेकर कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

इस अवसर पर मेयर सुरिंदर कुमार, चेयरमैन नगर सुधार ट्रस्ट गुरविंदर सिंह पाबला, चेयरमैन मार्केट कमेटी होशियारपुर जसपाल सिंह चेची, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर भुल्लर, कमिश्नर नगर निगम ज्योति बाला मट्टू, सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल, एस.डी.एम. गुरसिमरनजीत कौर, एस.डी.एम. टांडा परमप्रीत सिंह, एस.डी.एम. मुकेरियां अंकुर महेंद्रू, एस.डी.एम. दसूहा कंवलजीत सिंह, एस.डी.एम. गढ़शंकर संजीव कुमार, पर्यटन विभाग से भूपिंदर सिंह चन्ना, सतवंत सिंह सियाण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।