Punjabi News

Srinagar: हड़ताल के दूसरे दिन भी बंद रहीं फल मंडियां, उत्पादकों ने सरकार को दी चेतावनी

185

श्रीनगर ( मीर आफताब ) : श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण कई दिनों से वहां फलों से भरे ट्रक रुके हुए हैं जिसके चलते फल विक्रेताओं और उत्पादकों का काफी नुकसान हो रहा है। फलों से लदे ट्रकों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने में प्रशासन अभी तक नाकाम रहा है। इसी के विरोध में 14 व 15 सितम्बर दो दिन के लिए हंदवाड़ा फल मंडी को बंद करने का ऐलान किया गया है। आज हड़ताल का दूसरा दिन रहा जब उत्पादकों व विक्रेताओं ने मंडी को बंद रखा व तय किए गए समय पर विरोध प्रदर्शन भी किया। उत्पादकों ने चेतावनी दी कि अगर श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग दो दिनों के भीतर पूरी तरह से बहाल नहीं हुआ तो वे घाटी-व्यापी हड़ताल करेंगे।

कश्मीर घाटी फल उत्पादक सह विक्रेता संघ द्वारा दिए गए 2 दिन के मंडियों के बंद के आह्वान के तहत, फल उत्पादकों और विक्रेताओं ने आज हंदवाड़ा फल मंडी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर यातायात की सुचारू आवाजाही तुरंत बहाल करने की मांग करते हुए नारे लगाए। उन्होंने राजमार्ग पर सैंकड़ों फलों से लदे ट्रकों के लगातार रुकने पर रोष व्यक्त किया, जिससे उत्पादकों और व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है।

इन तख्तियों पर “राष्ट्रीय राजमार्ग को तुरंत बहाल करो” और “सड़ते सेबों से बढ़ रहा कर्ज” जैसे संदेश लिखे थे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए और कश्मीर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले बागवानी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया।

फल उत्पादक संघ ने अपनी शिकायतों के प्रति सरकार की उदासीनता का हवाला देते हुए 14 और 15 सितंबर को घाटी की सभी फल मंडियों को पूरी तरह बंद रखने की घोषणा पहले ही कर दी है।