
घग्गर संबंधी हालात का लगातार लिया जा रहा है जायज़ा
दरिया के किनारों की मज़बूती के लिए गांववासियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए किया धन्यवाद
मूनक:
कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज यहां मकरौड़ साहिब पुल और मूनक स्थित टोहाना पुल पर घग्गर दरिया क्षेत्र के गांव चादूं, कुंदनी, सुरजनभैणी, रामपुर गुज्जरां, फूलद, राजरहेड़ी, डूडियां समेत विभिन्न गांवों के लोगों से मुलाक़ात की और मौजूदा हालात के दौरान दरिया के किनारों की मज़बूती हेतु गांववासियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
श्री गोयल ने किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए हर ज़रूरी चीज़ उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया और कहा कि पंजाब सरकार घग्गर संबंधी संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है और किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़ी जा रही। उन्होंने बताया कि बीती रात भी वह स्वयं घग्गर दरिया के किनारों का विभिन्न स्थानों पर जायज़ा लेते रहे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मिट्टी और रेत की बोरियां भरने और जंबो बैग तैयार करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और आवश्यकता अनुसार उनका इस्तेमाल किया जा रहा है। ज़रूरी जाल भी उपलब्ध हैं। साथ ही जे.सी.बी. मशीनों समेत सभी आवश्यक मशीनें तैयार रखी गई हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु अलग-अलग राहत शिविर बनाए गए हैं और पशुओं के लिए भी इवैकूऐशन सैंटर निर्धारित किए गए हैं।
संभावित रूप से प्रभावित हो सकने वाले गांवों के लोगों के लिए राशन और चिकित्सीय सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया गया है। इसके साथ ही पशुओं के लिए हरे चारे और दवाइयों का भी उचित प्रबंध है। आवश्यक नावें और गोताख़ोर भी पूरी तरह तैयार हैं। ज़िला प्रशासन के अधिकारी 24 घंटे मूनक क्षेत्र में मौजूद हैं और सभी संबंधित विभाग अपनी ज़िम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।
श्री गोयल ने कहा कि इस प्राकृतिक संकट की घड़ी को आपसी सहयोग से ही मज़बूती से पार किया जा सकता है। इसलिए हर इंसान को इस कठिन समय में एक-दूसरे का हाथ थामना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से हर प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए पूरे प्रबंध किए गए हैं और किसी भी हाल में लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने तथा किसी भी तरह की दिक़्क़त न आने देने के लिए कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कई गांवों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

















