ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम ने एकमात्र अनऑफिशियल टेस्ट मैच में इंडिया ए को 6 विकेट से मात दी। इस मैच को जीतने के लिए इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के सामने 281 रन का टारगेट रखा था, जिसे मेजबान टीम ने आसानी से मुकाबले के चौथे दिन हासिल कर लिया। इस रन चेज में ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने अहम भूमिका निभाई। टीम के लिए अनिका लियरॉयड ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए।
चौथे दिन जल्दी समाप्त हुई टीम इंडिया की पारी
टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 260 रन बना लिए थे। चौथे दिन भारतीय टीम ने यहीं से अपनी पारी की शुरुआत की और 286 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की तरफ से इस पारी में राघवी बिष्ट ने सबसे ज्यादा 86 रन बनाए और उनके अलावा शैफाली वर्मा ने 52 रनों की पारी खेली। इस तरह से भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 281 रन का टारगेट रखा था।
ऑस्ट्रेलिया के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
281 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत चौथे दिन बेहद शानदार रही। पहले विकेट के लिए ताहलिया विल्सन और राचेल ट्रैनमैन ने 117 रन जोड़े। भारत को पहली सफलता साइमा ठाकोर ने दिलाई, उन्होंने ताहलिया विल्सन को आउट किया। उनके आउट होने के बाद राचेल ट्रैनमैन भी जल्दी ही आउट हो गई, उन्होंने 64 रन बनाए। इसके बाद मैडी डार्के ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रन का योगदान दिया। टीम ने 85.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 281 रन के टारगेट को हासिल कर लिया।
पहली पारी में भी राघवी बिष्ट ने बनाए थे 93 रन
इस मैच में इंडिया ए टीम ने पहले बैटिंग करते हुए पहली पारी में 299 रन बनाए थे। उस पारी में भी टीम इंडिया के लिए राघवी बिष्ट ने सबसे ज्यादा 93 रन बनाए थे। बिष्ट के पास दोनों पारियों में शतक पूरा करने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाई। राघवी के अलावा जोशिता VJ ने भी 51 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो पहली पारी में उनके लिए सियाना जिंजर ने शतक लगाया और 103 रन बनाए। उनके अलावा निकोले फाल्टम ने 54 और ताहलिया विल्सन ने 49 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 305 रन बनाए और उन्हें पहली पारी के आधार पर 6 रनों की बढ़त मिली।













