Punjabi News

बीजेपी मंडल अध्यक्ष के घर दिनदिहाड़े घूसे चोर; मारपीट कर 25 लाख के गहने और 1.40 लाख रुपए लूटकर हुए फरार

257

Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ में दिनदिहाड़े लूटपाट का एक मामला सामने आया है। यह लूटपाट बीजेपी मंडल अध्यक्ष के घर पर की गई है। बदमाशों ने घर में घुसकर मंडल अध्यक्ष का गला दबाया, उनके साथ मारपीट की और करीब 25 लाख के गहने और 1.40 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। पुलिस को तहरीर देकर मामला दर्ज कराया गया है।

इस बहाने से घर में घुस गए चोर
जानकारी के मुताबिक, ये लूटपाट चिनहट ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रेमलता सिंह उर्फ शीलू के घर पर हुई है। वह सरायशेख देवराजी विहार कॉलोनी में अपने बेटे-बहू और दो पौत्र के साथ रहती हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12.15 बजे अपने पौत्र को चिनहट स्थित आरएलबी स्कूल लेने गई थीं। वहां से करीब एक घंटे बाद लौटीं। तभी उन्हें एहसास हुआ कि घर के अंदर कोई है। उन्हें लगा कि किराएदार का बच्चा है। इस पर वह घर के मुख्य गेट के बाहर खड़ी हो गईं। आवाज देकर पूछा– अंदर कौन है? इस पर एक बदमाश दरवाजा खोलकर बोला– काम करने आए हैं।

गला दबाकर किया बेहोश
किसी अनजान आदमी की आवाज सुनकर प्रेमलता जर गई। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि अनजान की आवाज सुनकर डर गई और गेट के पास ही खड़ी हो गई। तभी घर में चारदीवारी कूदकर एक बदमाश बाहर आया और गला दबा दिया। जिससे वो बेहोश हो गई। थोड़ी देर बाद होश आया तो शोर मचाया। तब तक घर से करीब 50 मीटर दूर बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ दोनों बदमाश फरार हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

जानिए घर में कैसे घुसे चोर
जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी खंगाले। जिनमें तीनों बदमाश बाइक से जाते दिखे। पुलिस ने पूछताछ की। मंडल अध्यक्ष ने बताया कि बदमाश मेन गेट का लॉक तोड़कर घर में घुसे थे। कमरे में रखीं आलमारियों को तोड़कर उसमें से सोने के गहने (करीब ढाई सौ ग्राम), चांदी के जेवर, कीमती कपड़े, 1 लाख 40 हजार रुपए कैश लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि जेवर की कीमत करीब 25 लाख है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।