चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में बीती रात एक व्यापारी रवि ढिल्लों की नृशंस हत्या की निंदा की है। जिस संबंध में बताया जा रहा है कि उनके द्वारा फिरौती के पैसे देने से इनकार करने पर कथित रूप से कुछ गैंगस्टरों के इशारे पर यह हत्या करवाई गई है।
वड़िंग ने बीती शाम जालंधर में एक डॉक्टर राहुल सूद पर हुए हमले की भी निंदा की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में भय और दहशत का माहौल है और फिरौती के लिए हत्याएँ नया सामान्य दौर बन गई हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में लोगों की जान-माल की रक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है और कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।
इस बीच, राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। ऐसा लगता है कि राज्य सरकार शासन करने की इच्छा छोड़कर अन्य कामों में व्यस्त है, जबकि अपराधी और गैंगस्टर राज कर रहे हैं।
उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि पुलिस पिछली घटनाओं में दोषियों को गिरफ्तार करके कोई कार्रवाई करने में विफल रही है। ऐसे में अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं। यहाँ तक कि पुलिस को गैंगस्टरों द्वारा पहले की गई हत्याओं और जानलेवा हमलों की भी कोई जानकारी नहीं है।
जिस पर वड़िंग ने चेतावनी दी है कि व्यापारियों, कारोबारियों और डॉक्टरों जैसे लोगों की हत्या और उन्हें डराने-धमकाने का यह चलन राज्य में पूरी तरह से आर्थिक तबाही ला देगा, क्योंकि लोग अब यहाँ सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं।
इसके अलावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पटियाला के तलवंडी साबो के कांग्रेस कार्यकर्ता दिलावर सिंह पर हुए जानलेवा हमले की भी निंदा की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।













