लुधियाना : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने वकील हरजस सिंह को धमकाने और उन पर पिस्तौल तानने वाले दर्श तूर के खिलाफ तत्काल पुलिस केस दर्ज कर उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
तूर आम आदमी पार्टी के जिला युथ विंग के अध्यक्ष एम.पी. जवद्दी के भाई हैं।
वड़िंग ने इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आप नेता और उनके रिश्तेदार जिस तरह से कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं, उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने लुधियाना के एक वकील हरजस सिंह के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए, कहा कि आप नेता लोगों को इस तरह डराने-धमकाने की हिम्मत रखते हैं, मानो कानून इनकी जेब में हो।
उन्होंने मामले में तत्काल पुलिस केस दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग करते हुए, कहा कि अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस धरना देगी। उन्होंने सवाल किया कि ऐसा करके आप क्या संदेश देना चाह रहे हैं कि आप के नेता और उनके रिश्तेदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकती, भले ही उन्होंने कोई भी अपराध क्यों न किया हो? उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।
इस बीच, वकील हरजस के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए, वड़िंग ने कहा कि पूरी कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और यह सुनिश्चित करेगी कि आरोपी को न्याय के कटघरे में लाया जाए। उन्होंने आप नेताओं को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए, कहा कि सिर्फ़ इसलिए कि आप सत्ताधारी पार्टी से हैं, आपको इस तरह से आज़ाद नहीं छोड़ा जाएगा।















