Punjabi News

14 जून को अहम बैठक करेगी BCCI, विजय परेड पर जारी करेगी नई गाइडलाइन

403

 

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही IPL में जीत के जश्न को लेकर गाइडलाइन लाने जा रहा है। 4 जून को बैंगलोर में RCB के IPL जीत के जश्न में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके चलते अब BCCI पर गाइडलाइन बनाने का दबाव है।

दूसरी ओर, RCB के मार्केटिंग और रेवेन्यू हेड निखिल सोसले को कर्नाटक हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है। हालांकि, उन्हें अपना पासपोर्ट पुलिस को सौंपना होगा। सोसले को 6 जून को सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था।

BCCI 14 जून को IPL टीमों के जीत के जश्न को लेकर दिशा-निर्देश देने के लिए एपेक्स काउंसिल की मीटिंग करने जा रहा है। इस ऑनलाइन मीटिंग में भारत की घरेलू सीरीज पर भी चर्चा होगी।

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ट्रॉफी का जश्न मनाने के नए तरीकों पर विचार करने जा रहा है। ताकि भगदड़ जैसी घटनाएं न हों और खेल भावना भी बनी रहे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी कहा था कि बोर्ड सभी टीमों के लिए आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी करेगा।

बीसीसीआई की बैठक में 2026 न्यूजीलैंड सीरीज के मैचों पर भी फैसला होगा। कीवी टीम अगले साल टी20 विश्व कप से पहले भारत में 3 वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज भी खेलेगी। श्रीलंका और भारत की मेजबानी में होने वाला आईसीसी टूर्नामेंट अगले साल फरवरी और मार्च में खेला जाएगा।

पिछले साल की तरह 2025 में घरेलू सत्र की शुरुआत भी सितंबर में दलीप ट्रॉफी से होगी। इस बार भी दलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट इंटर-जोनल होगा।