भिवानी : जिले के गांव ईशरवाल स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच की ए.टी.एम. मशीन गैस कैटर से काटकर 3 लाख 94 हजार रुपए चोरी कर लिए। बैंक अधिकारी राकेश ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे आकर देखा तो ए.टी.एम. का आधा शटर खुला हुआ था। उन्होंने शटर उठाकर देखा तो ए.टी.एम. को काट रखा था। चैक किया तो मशीन से कैश भी गायब मिला। इसकी सूचना अपने बैंक के मुख्यालय और पुलिस को दी। मुख्यालय से ई. सी. एम. और एच. आर. विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बैंक की सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाली।
बैंक प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि ए.टी.एम. में लगा कैमरा चोरों ने तोड़ दिया। उसके बाद मशीन को गैस कैटर से काटकर नकदी ले उड़े। बैंक प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि उनके ब्रांच की फुटेज के अनुसार घटना सुबह पौने 3 बजे की है। इस फुटेज में 2 युवक ए.टी.एम. के अंदर नजर आ रहे हैं। वहीं 2-3 युवक एक कार में बैठे नजर आ रहे हैं। तोशाम के थाना प्रभारी विशेष ने बताया कि आसपास की सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाली जा रही है। इस घटना के लिए थाना तोशाम व स्पैशल स्टॉफ ईशरवाल की दोनों की टीमें लगी हुई हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।



















