— पुलिस टीमों ने 226 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की
— लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से गैंगस्टरों के बारे में कर सकते हैं रिपोर्ट
— युद्ध नशों विरूद्ध के 564वें दिन 27.2 किलोग्राम हेरोइन समेत 63 नशा तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़: राज्य में चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 239वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 570 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’— पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग—की शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
239वें दिन पुलिस टीमों ने 3 हथियारों सहित 303 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तारियों की कुल संख्या 71,257 हो गई है।
इसके अलावा, 226 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 13 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों की गुप्त रूप से रिपोर्ट कर सकते हैं तथा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना भी दे सकते हैं।
इस दौरान, पुलिस टीमों ने नशों के विरुद्ध अपने अभियान “ युद्ध नशों विरूद्ध ” को 564वें दिन भी जारी रखते हुए आज 63 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 27.2 किलोग्राम हेरोइन, 10 किलोग्राम भुक्की, 81 नशीली गोलियां और 8,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। इसके साथ ही, केवल 564 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 77,922 हो गई है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 8 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राजी किया है।

















