चंडीगढ़, 24 जून: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच गुप्त समझौता हुआ था।
उन्होंने दावा किया कि दोनों पार्टियां इकट्ठी हो गईं थीं, क्योंकि दोनों पंजाब और गुजरात में कांग्रेस से डरी हुई थीं।
यहां एक बयान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी में किसी भी गुटबाजी की अटकलों को खारिज कर दिया, जिसे लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की हार का कारण बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी अंदरूनी लड़ाई के कारण नहीं हारी है, कांग्रेस इसलिए हारी है, क्योंकि आप और भाजपा हमारे खिलाफ एकजुट हो गए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने वोटों का एक बड़ा हिस्सा आप उम्मीदवार को ट्रांसफर कर दिया।
उन्होंने कहा कि महज एक साल बाद भाजपा का वोट शेयर आम चुनावों में मिले वोट शेयर के आधे पर आ गया। दूसरी ओर, आप का वोट शेयर इन चुनावों में मिले वोट शेयर से दोगुना हो गया।
उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए, कहा कि 2024 के आम चुनावों में लुधियाना पश्चिम में भाजपा का वोट शेयर 41 प्रतिशत था, जो इस बार घटकर 22 प्रतिशत रह गया । जबकि 2024 में आप का वोट शेयर 20 प्रतिशत था, जो इस बार 39 प्रतिशत हो गया। इसकी तुलना में कांग्रेस का वोट शेयर लगभग उतना ही रहा, जितना 2024 में 28 प्रतिशत था, जबकि इस बार 27 प्रतिशत रहा।
उन्होंने कहा कि इसका कारण किसी से छिपा नहीं है, क्योंकि भाजपा ने जानबूझकर अपने उम्मीदवार की घोषणा में देरी की और ठीक ढंग से प्रचार नहीं किया। इसके अलावा, उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि पंजाब के एक वरिष्ठ भाजपा नेता और आप के एक वरिष्ठ नेता के बीच घनिष्ठ मैत्रीपूर्ण संबंध जगजाहिर हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा पंजाब ही नहीं, बल्कि गुजरात में भी कांग्रेस के खिलाफ आप को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जानबूझकर विसावदर विधानसभा क्षेत्र में आप के खिलाफ नया उम्मीदवार खड़ा किया, जिससे आप की जीत आसान हो गई, ताकि वह कांग्रेस के साथ विपक्ष की स्थिति हासिल कर सके।
कांग्रेस में अंदरूनी कलह की अटकलों पर, उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वह एक बार फिर से दोहराते हैं कि कांग्रेस एकजुट और संगठित है। सिर्फ विचारों में मतभेद का मतलब यह नहीं है कि हम विभाजित हैं।
उन्होंने कहा कि लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत वरिष्ठ नेतृत्व ने दिन-रात काम किया। इसके अलावा, वह नामांकन के दिन से ही वहां व्यक्तिगत रूप से मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर उन्हें पार्टी की अन्य गतिविधियां और कार्यक्रम भी करने थे, जिनकी तैयारी एआईसीसी ने की थी। इनमें संविधान बचाओ बैठकें और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं तक पहुंचना शामिल था।
कांग्रेस पर मीडिया ट्रायल का आरोप लगाते हुए, वड़िंग ने पूछा कि मीडिया आम आदमी पार्टी से यही सवाल क्यों नहीं पूछ रहा था, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल आखिरी कुछ दिनों में क्यों नहीं आए और न ही पार्टी के पिछले रोड शो में शामिल हुए।







